Gold-Silver Price Today: चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ की जानकारी के अनुसार दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 13,000 रुपये सस्ती होकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पर आ गई है। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में चांदी का वायदा भाव घटकर 2,49,499 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। इससे पहले 29 जनवरी को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो वहां हाजिर चांदी की कीमत बढ़कर 74 डॉलर प्रति औंस हो गई।
दूसरी ओर, गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के मुताबिक चांदी में 25,000 रुपये की गिरावट आई और इसका भाव 2,74,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इससे पहले 29 जनवरी को ही चांदी 4,10,100 रुपये प्रति किलोग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची थी। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार शाम बाजार बंद होने तक चांदी का भाव गिरकर 2,44,929 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहता है, इसलिए यही कीमत दोनों दिन मान्य रहेगी।
अगर पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो दिल्ली में चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट देखी गई। निवेशकों द्वारा लगातार दूसरे दिन मुनाफावसूली किए जाने के कारण चांदी लगभग 5 प्रतिशत टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार चांदी में 13,000 रुपये यानी करीब 4.85 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका भाव 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गया, जबकि गुरुवार को यह 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुरुआती कमजोरी के बाद सर्राफा बाजार में जोरदार सुधार देखने को मिला और कीमतों में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। हाजिर चांदी 3.02 डॉलर यानी 4.26 प्रतिशत चढ़कर 74 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि इससे एक दिन पहले इसमें करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आकर भाव 64.08 डॉलर प्रति औंस तक चला गया था।
| कैरेट | आज का भाव |
| 24 | 152078 रुपये (10 ग्राम) |
| 23 | 151469 रुपये (10 ग्राम) |
| 22 | 139303 रुपये (10 ग्राम) |
| 18 | 114059 रुपये (10 ग्राम) |
| 14 | 88966 रुपये (10 ग्राम) |
इसी तरह सोने के दामों में भी उतार-चढ़ाव जारी है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) रह गया है, जबकि पिछला बंद भाव 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था। MCX पर सोने का वायदा भाव 1,53,047 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन में यह 1,52,071 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,53,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। वहीं IBJA के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार शाम बाजार बंद होने तक सोने का भाव 1,52,078 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार में कारोबार नहीं होता, इसलिए सप्ताहांत के दौरान यही दरें लागू रहेंगी।
यह भी पढ़ें: आज ही घर ले आएं ये 5 स्मार्ट होम डिवाइस, रोज़मर्रा की जिंदगी को बनाते हैं बेहद आसान, होगा फायदा ही फायदा