अगर आप ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जो सिर्फ मनोरंजन न होकर आपको सोचने पर मजबूर कर दे, तो ‘हिज़ स्टोरी ऑफ इतिहास’ आपके लिए एकदम सही विकल्प है। सिनेमाघरों में रिलीज़ के समय यह फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा का बहुत बड़ा विषय बन गई थी। इतना ही नहीं, इसे IMDb पर 9 की दादर रेटिंग मिली है, जो अपने आप में किसी भी फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इस फिल्म को इतना खास बनाने वाले कई कारण हैं।
फिल्म की कहानी एक असल ज़िंदगी के फिजिक्स टीचर, नमित भारद्वाज, पर आधारित है, जो चंडीगढ़ के एक स्कूल में पढ़ाते हैं। कहानी की शुरुआत तब होती है जब उन्हें अपनी बेटी की हिस्ट्री की किताब में कुछ तथ्यों पर शक होता है। वो पाते हैं कि किताबों में जो कुछ पढ़ाया जा रहा है, उसमें कई बातें ऐतिहासिक रूप से गलत हैं या कन्फ्यूज करने वाली हैं। नमित यह तय कर लेते हैं कि वो इन ग़लत धारणाओं को चुनौती देंगे। वो RTI डालते हैं, इतिहास की किताबों के स्रोतों की जांच करते हैं और पूरे एजुकेशन सिस्टम से टकराने का फैसला करते हैं।
IMDb पर 800 से ज़्यादा दर्शकों ने इसे लगभग परफेक्ट स्कोर दिया है, जो बताता है कि फिल्म किस स्तर की संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ बनाई गई है। सोशल मीडिया पर भी इसका क्रेज़ इतना ज्यादा रहा था, कि लोग न सिर्फ फिल्म के डायलॉग्स को शेयर कर रहे थे, बल्कि क्लाइमैक्स के प्रभाव को लेकर लंबी पोस्ट्स भी लिख रहे थे। कई दर्शकों का कहना है कि यह फिल्म हर उस इंसान को देखनी चाहिए जो बच्चों को इतिहास पढ़ा रहा है या खुद इतिहास को लेकर सीरियस है।
फिल्म में सुबोध भावे और योगेंद्र टिक्कू की शानदार परफॉर्मेंस ने कहानी को जीवंत बना दिया है। निर्देशक मनप्रीत सिंह धामी ने हर सीन को इस तरह पेश किया है कि दर्शक उसमें खो से जाते हैं—कभी भावनाओं से जुड़ते हैं, तो कभी सच्चाई को लेकर सवाल उठाने लगते हैं।
30 मई 2025 को रिलीज़ हुई ‘हिज स्टोरी ऑफ इतिहास‘ अब जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। इस फिल्म को ज़रूर देखने की एक खास वजह यह भी है कि यह आपको सोचने पर मजबूर कर देती है—ठीक वैसे ही जैसे ‘तारे ज़मीन पर’, ‘कपूर एंड सन्स’ या ‘चिल्लर पार्टी’ ने किया था।
अगर आप इतिहास को एक नए नजरिए से देखना चाहते हैं, और जानना चाहते हैं कि किताबों में लिखे फैक्ट्स के पीछे की सच्चाई क्या है, तो ‘हिज स्टोरी ऑफ इतिहास’ एक ऐसी फिल्म है जिसे आपको बिल्कुल मिस नहीं करना चाहिए। इसका क्लाइमैक्स भावनाओं का ऐसा तूफ़ान लाता है जो लंबे समय तक आपको सोचने पर मजबूर कर देगा।
यह भी पढ़ें: व्लॉगिंग में बनाना चाहते हैं करियर? बेस्ट रहेंगे ये 5 फोन, बेहद सस्ते में हो जाएगा जुगाड़