अगर आप इस वीकेंड परिवार के साथ कोई ऐसी फिल्म देखने का मन बना रहे हैं जो दिल को छू जाए और भावनाओं से भरपूर हो, तो ‘777 चार्ली’ एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह फिल्म बिना किसी बनावटी ड्रामा, अनावश्यक गालियों या तेज-तर्रार एक्शन के एक सादगी भरी लेकिन बेहद असरदार कहानी दिखाती है, जो दर्शकों को कभी मुस्कुराने पर मजबूर करती है तो कभी आंखें नम कर देती है. आइए आपको इसकी कहानी से लेकर स्ट्रीमिंग डिटेल्स तक सबकुछ बताते हैं.
‘777 चार्ली’ की कहानी एक ऐसे इंसान के जीवन पर आधारित है जो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से पूरी तरह थक चुका होता है. उसका जीवन एक ही ढर्रे पर चल रहा होता है और उसमें किसी तरह की खुशी या उत्साह नहीं बचा होता. तभी उसकी जिंदगी में चार्ली नाम का एक प्यारा सा डॉग एंट्री लेता है और सब कुछ बदलने लगता है. चार्ली सिर्फ एक पालतू जानवर बनकर नहीं आता, बल्कि उसके जीवन में नई उम्मीद, अपनापन और प्यार भर देता है.
फिल्म में इंसान और जानवर के बीच बनने वाले इस रिश्ते को इतनी सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है कि दर्शक खुद को इससे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं. यही कारण है कि फिल्म के कई सीन सीधे दिल पर असर करते हैं और दर्शकों को इमोशनल कर देते हैं.
इस फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला है, जिसका सबूत इसकी IMDb रेटिंग है. ‘777 चार्ली’ को IMDb पर 8.7/10 की बेहतरीन रेटिंग हासिल हुई है. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया था. करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 96.95 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 102.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस तरह फिल्म ने अपनी लागत से लगभग सात गुना ज्यादा कमाई कर एक बड़ी सफलता दर्ज की.
अगर आपने अब तक ‘777 चार्ली’ नहीं देखी है, तो यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार और अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है. यह साउथ इंडियन सिनेमा की फिल्म है, लेकिन दर्शकों की सुविधा के लिए इसका हिंदी डब वर्जन भी मौजूद है. पूरे हफ्ते की भागदौड़ और थकान के बाद परिवार के साथ बैठकर देखने के लिए यह फिल्म एकदम सही है, जो प्यार, दोस्ती और इंसानियत की असली अहमियत को खूबसूरती से समझाती है.
यह भी पढ़ें: Redmi Note 15 5G और Realme 16 Pro 5G: 4 पॉइट्स में समझें कौन सा फोन आपके लिए बेस्ट