द फैमिली मैन सीजन 4: कब लौटेगा मनोज बाजपेयी का शो? जानिए अब तक सामने आए अपडेट

Updated on 06-Feb-2026

प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज द फैमिली मैन ने नवंबर 2025 में अपने तीसरे सीजन के साथ दमदार वापसी की। लंबे इंतज़ार के बाद जब यह सीरीज दर्शकों के सामने आई, तो फैंस की उम्मीदों पर यह पूरी तरह खरी उतरी। एक्शन, इमोशन, सस्पेंस और ड्रामा से भरपूर इस सीजन ने दर्शकों को बांधे रखा। सीजन 3 की सबसे बड़ी खासियत रही जयदीप अहलावत और निमरत कौर की एंट्री, जिनके किरदारों ने कहानी को नई दिशा और ताज़गी दी।

मनोज बाजपेयी ने एक बार फिर श्रीकांत तिवारी के किरदार में दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि इस सीजन में उनके किरदार की जर्नी में बड़ा बदलाव देखने को मिला। जो श्रीकांत कभी भरोसे और सम्मान का प्रतीक था, वही धीरे-धीरे सवालों के घेरे में आता नज़र आया। सीजन का आखिरी एपिसोड एक बड़े क्लिफ-हैंगर पर खत्म हुआ, जिससे कई अहम सवाल बिना जवाब के रह गए। यही वजह रही कि दर्शक हैरान भी हुए और आगे की कहानी जानने के लिए और ज्यादा उत्सुक भी।

क्या द फैमिली मैन सीजन 4 की पुष्टि हो चुकी है?

सीजन 3 के रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने चौथे सीजन को लेकर सवाल पूछने शुरू कर दिए। उसी दौरान X पर आयोजित एक “आस्क मी एनीथिंग” सेशन के दौरान मनोज बाजपेयी से इस अधूरे अंत को लेकर सवाल किया गया। एक फैन ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि उसने पूरा सीजन एक साथ देख लिया, लेकिन जवाब अधूरे रह गए। इस पर रिएक्ट करते हुए मनोज बाजपेयी ने कहा, “सबका जवाब चौथे सीजन में होगा! जल्दी मिलते हैं।” उनके इस जवाब ने साफ संकेत दिया कि सीजन 4 की योजना बनाई जा रही है।

द फैमिली मैन सीजन 4 की संभावित रिलीज़ टाइमलाइन

हालांकि एक्टर के इस स्टेटमेंट से फैंस को उम्मीद ज़रूर मिली है, लेकिन अभी तक प्राइम वीडियो या शो के मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बीच, फिल्मीबीट से बातचीत में एक सूत्र ने जानकारी दी है कि अगला सीजन आने में एक से दो साल का समय लग सकता है।

अब दर्शक बेसब्री से आधिकारिक ऐलान का इंतज़ार कर रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि श्रीकांत तिवारी की कहानी आगे किस मोड़ पर पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें: Pariksha Pe Charcha 2026: PM Modi को कितने बजे और कहाँ देखें ऑनलाइन

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :