तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विजय सेतुपति की अपकमिंग वेब सीरीज़ ‘काट्टान’ (Muthu alias Kaattaan) जल्द ही ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। यह एक ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन ड्रामा है, जिसका दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। यह सीरीज़ 27 मार्च से JioHotstar पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि इसे सिर्फ तमिल ही नहीं, बल्कि तेलुगु, हिंदी, मलयालम, कन्नड़, मराठी और बंगाली भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा, जिससे यह ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच सके।
‘काट्टान’ को A-रेटिंग दी गई है, जिसका मतलब है कि इसमें हिंसा और कुछ खून-खराबे वाले सीन हो सकते हैं, इसलिए यह बच्चों के लिए सही नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सीरीज़ में कुल 10 एपिसोड होंगे और हर एपिसोड का रनटाइम लगभग 30 से 40 मिनट के बीच होगा।
इस प्रोजेक्ट को M Manikandan ने बनाया है और उन्होंने ही B Ajithkumar के साथ मिलकर इसका निर्देशन भी किया है। इससे पहले मणिकंदन ‘Kaaka Muttai’ और ‘Kadaisi Vivasayi’ जैसी सराही गई फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, और यह सीरीज़ उनके लिए एक तरह की वापसी मानी जा रही है।
कहानी की बात करें तो अभी तक इसका पूरा प्लॉट सामने नहीं आया है, लेकिन यह एक रहस्यमयी घटनाक्रम के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक कटा हुआ सिर मिलता है और पुलिस समेत कई लोग उसके शरीर की तलाश में जुट जाते हैं। इस बीच विजय सेतुपति का किरदार एक ऐसे व्यक्ति का है जो गांव में कई तरह के कामों में माहिर होता है।
इस सीरीज़ में विजय सेतुपति के अलावा मिलिंद सोमन, सिंगम पुली और मुथुकुमारन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
खास बात यह भी है कि इस सीरीज़ की कहानी को दो सीज़न के रूप में लिखा गया है, लेकिन फिलहाल मेकर्स ने पहले सीज़न को ही रिलीज करने का फैसला लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘काट्टान’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।