अगर आप ओटीटी पर कुछ नया और दमदार देखना चाहते हैं लेकिन समझ नहीं पा रहे कि क्या देखें, तो यहां हम आपके लिए एक शानदार एक्शन-थ्रिलर फिल्म का सुझाव लेकर आए हैं, जो आपको शुरू से अंत तक बांधे रखेगी। इसकी कहानी इतनी दिलचस्प और ट्विस्ट से भरपूर है कि यह आपके दिमाग को झकझोर कर रख देगी। लगभग 2 घंटे 46 मिनट लंबी यह फिल्म 2014 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और आज भी उतनी ही एंटरटेनिंग लगती है।
जिस फिल्म की बात हो रही है, उसका नाम ‘कत्थी’ है। यह मूल रूप से तमिल भाषा में रिलीज हुई थी, लेकिन इसका हिंदी वर्जन भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। फिल्म में साउथ सुपरस्टार थलापति विजय मुख्य भूमिका में नजर आते हैं, जहां उन्होंने डबल रोल निभाकर कहानी को और भी खास बना दिया है।
उनके साथ सामंथा रुथ प्रभु, नील नितिन मुकेश, टोटा रॉय चौधरी और सतीश जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं। इस फिल्म को ए. आर. मुरुगादॉस ने लिखा और डायरेक्ट किया है, जबकि इसका निर्माण अल्लिराजा सुभास्करन की लाइका प्रोडक्शंस ने किया है।
फिल्म की कहानी काथिरेसन नाम के एक अपराधी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जेल से फरार हो जाता है। भागने के दौरान उसकी मुलाकात अपने हमशक्ल जीवा से होती है। हालात ऐसे बनते हैं कि जीवा को अपराधी गोली मार देते हैं और काथिरेसन उसकी पहचान अपनाने पर मजबूर हो जाता है। लेकिन यह फैसला उसकी जिंदगी की दिशा बदल देता है। जीवा दरअसल एक सामाजिक कार्यकर्ता था, जो किसानों के हक के लिए लड़ रहा था। जब काथिरेसन को सच्चाई का पता चलता है और वह गांव के किसानों की बदहाल स्थिति देखता है, तो वह भी उनके संघर्ष का हिस्सा बनने का निर्णय लेता है।
कमाई के मामले में भी यह फिल्म काफी सफल रही। लगभग 30 करोड़ के बजट में बनी ‘कत्थी’ ने दुनियाभर में करीब 132.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। IMDb पर इसे 8.1 की मजबूत रेटिंग मिली है। फिल्म ने तमिलनाडु में करीब 68 करोड़ और ओवरसीज मार्केट में 41 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी, जिससे यह उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में शामिल हो गई थी। यह फिल्म आज भी नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Rates Today: 13 अप्रैल को फिर मजबूत हुआ सोना, चांदी ने भी दिखाई तेज़ी, जानें सोमवार का ताज़ा रेट