काफी समय से चल रही अटकलों और चर्चाओं पर आखिरकार विराम लगाते हुए एक्टर मोहनलाल ने कुछ समय पहले अपनी बहुप्रतीक्षित फैमिली-थ्रिलर फिल्म दृश्यम 3 की रिलीज डेट का खुलासा कर दिया था। अब, नए पोस्टर के साथ एक्टर ने एक बार फिर पुष्टि की है कि फिल्म 2 अप्रैल 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस घोषणा के बाद फ्रेंचाइज़ी के तीसरे भाग को लेकर दर्शकों का उत्साह फिर से बढ़ गया है।
रिलीज़ किए गए नए पोस्टर में लालेट्टन यानी जॉर्जकुट्टी केले के बागान में गंभीर सोच में डूबे अंदाज़ में दिखाई देते हैं, जो पहले भाग की याद दिलाता है। पहली बार रिलीज़ डेट साझा करते हुए उन्होंने लिखा था, “साल बीत गए। अतीत नहीं। #Drishyam3 | Worldwide Release | April 2, 2026.” अब नए पोस्टर पर लिखा टैगलाइन — “अतीत कभी खामोश नहीं रहता” — इस बात का संकेत देती है कि पिछली घटनाएं कहानी में फिर अहम भूमिका निभाने वाली हैं।
फिल्म का निर्देशन एक बार फिर जीतू जोसेफ कर रहे हैं। प्रोजेक्ट की शुरुआत सितंबर 2025 में कोच्चि के पास आयोजित पूजा समारोह के साथ हुई थी। शूटिंग केरल की कई जगहों जैसे थोडुपूझा, वागामोन और एर्नाकुलम — में की गई। निर्देशक के अनुसार कहानी पिछली घटनाओं के लगभग साढ़े चार साल बाद से आगे बढ़ेगी, हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि दर्शकों को बहुत ज्यादा थ्रिलर एलिमेंट्स की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। वहीं एक्ट्रेस आशा शरथ ने संकेत दिया है कि फिल्म का क्लाइमैक्स दर्शकों को चौंका सकता है।
फिल्म में मोहनलाल के साथ-साथ पुराने कलाकार भी अपनी भूमिकाओं में लौट रहे हैं, जिनमें मीना, अंसीबा हसन, एस्थर अनिल, मुरली गोपी और सिद्दीकी शामिल हैं। इन कलाकारों की वापसी जॉर्जकुट्टी की कहानी को कंटिन्युटी देने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिल्म की कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पोस्टर से स्पष्ट है कि भावनात्मक गहराई और सस्पेंस इस बार भी कहानी का मुख्य आधार रहेंगे।
यह मलयालम फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सोलो रिलीज विंडो का फायदा उठाएगी, जबकि हिंदी रीमेक, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में हैं, 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज के लिए निर्धारित है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy M36 की कीमत धड़ाम! अब तक के सबसे कम दाम पर मिल रहा दमदार फोन, देखें फुल डील