हॉरर फिल्मों का असर केवल डराने वाले सीन तक सीमित नहीं होता, बल्कि उस बेचैनी तक जाता है जो धीरे-धीरे मन में घर कर लेती है। अंधेरा, सन्नाटा और एक असहज कहानी, यही वजह है कि हॉरर पसंद करने वाले दर्शक बार-बार इस जॉनर की तरफ लौटते हैं। अगर आप भी ऐसी ही फिल्मों की तलाश में रहते हैं, तो साल 2023 में आई Death Whisperer आपके लिए एक अलग और गंभीर अनुभव बन सकती है।
यह फिल्म थाईलैंड की लोकसंस्कृति और वहां की पारंपरिक मान्यताओं से जुड़ी है। इसकी सबसे खास बात यह है कि फिल्म की लेखिका ने दावा किया था कि इसकी कहानी किसी कल्पना पर नहीं, बल्कि उनके परिवार के साथ घटी एक वास्तविक घटना से प्रेरित है। यही कारण है कि फिल्म का डर बनावटी नहीं लगता, बल्कि बहुत निजी और असहज महसूस होता है।
कहानी एक साधारण किसान परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें तीन बेटियां हैं। जब परिवार का बेटा कुछ समय बाद घर लौटता है, तभी घटनाएं अजीब दिशा लेने लगती हैं। दूसरी बेटी अचानक बीमार पड़ जाती है और उसका व्यवहार धीरे-धीरे ऐसा हो जाता है, जिसे सामान्य बीमारी कहकर टालना मुश्किल हो जाता है। परिवार को जल्द ही एहसास होता है कि वे किसी ऐसी ताकत का सामना कर रहे हैं, जिसे समझना और रोकना आसान नहीं होगा।
फिल्म का हॉरर अचानक डराने वाले सीन्स या फास्ट म्यूज़िक पर निर्भर नहीं करता। यहां डर अपराधबोध, शक और अनदेखे खतरे की भावना से पैदा होता है। सधी हुई सिनेमेटोग्राफी और शांत माहौल दर्शकों को लगातार बेचैनी में रखता है, जिससे फिल्म खत्म होने के बाद भी उसका असर कुछ समय तक बना रहता है।
अगर आप इस वीकेंड पर कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो सिर्फ डराए नहीं बल्कि अंदर तक असर छोड़े, तो Death Whisperer इस समय Netflix पर उपलब्ध है। करीब 121 मिनट की यह फिल्म उन दर्शकों के लिए ज्यादा उपयुक्त है जो स्लो-बर्न और रियलिस्टिक हॉरर को पसंद करते हैं। कमजोर दिल वालों के लिए सलाह यही है कि इसे अकेले देखने का रिस्क सोच-समझकर लें।
यह भी पढ़ें: Aashram Season 4 Update: बाबा निराला की वापसी कब? शूटिंग, रिलीज टाइमलाइन और कहानी का नया संकेत