मनोज बाजपेयी की सुपरहिट वेब सीरीज़ The Family Man Season 3 की अधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और उम्मीद है कि यह 2026 में अमेज़न प्राइम वीडियो पर सकता है. नए सीज़न में मनोज बाजपेयी के अलावा जयदीप अहलावत विलेन के रोल में मुख्य किरदार में नज़र आने वाले हैं. यहां तक कि शो की शूटिंग भी पूरी तरह खत्म हो चुकी है और अब बस फाइनल रिलीज़ डेट का इंतज़ार है. लेकिन उससे पहले हम आपके लिए एक और शो लेकर आए हैं जो आपको लगभग उतना ही पसंद आ सकता है, क्योंकि इसमें भी आपको स्पाई-थ्रिलर और एक्शन का भरपूर मिक्स देखने को मिलने वाला है.
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आज दर्शकों के पास कंटेंट की कोई कमी नहीं है. ड्रामा, थ्रिलर, हॉरर, रोमांस, एक्शन से लेकर डार्क कॉमेडी तक यहां हर स्वाद के लिए ढेरों विकल्प मौजूद हैं. लेकिन अगर आप भीड़ से हटकर कुछ ऐसा देखना चाहते हैं, जिसमें दमदार कहानी हो और शानदार एक्टिंग भी, तो आपके पास ऐसे इंटेंस जॉनर वाले वेब शोज़ भी हैं जो लंबे समय तक याद रह जाते हैं. अगर आपने ‘The Family Man’ या ‘Farzi’ जैसी सीरीज का आनंद लिया है, तो यह सीरीज भी यकीनन आपको उतनी ही पसंद आएगी.
इस वेब सीरीज का अब तक सिर्फ एक ही सीज़न आया है, जो दो पार्ट्स में रिलीज़ हुआ था. दोनों ही पार्ट्स ने दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी है. सीरीज में कुल मिलाकर 7 एपिसोड्स हैं. इसकी सबसे खास बात है कि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं करती बल्कि दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से बांध लेती है. खासकर, इसमें जासूसी, एक्शन, सस्पेंस, पावर और पर्सनल इमोशन्स का जबरदस्त मेल है, जो इसे बाकी थ्रिलर शोज़ से अलग बनाता है.
हम यहां बात कर रहे हैं आदित्य रॉय कपूर और अनिल कपूर की ‘द नाइट मैनेजर’ की, जो एक ब्रिटिश शो का हिंदी अडैप्टेशन है और इसमें जासूसी की दुनिया को बेहद आकर्षक अंदाज में पेश किया गया है. इसके हर पार्ट में सीमित एपिसोड्स हैं, लेकिन कहानी इतनी सधी हुई है कि दर्शक इसे बिंज-वॉच करने से खुद को रोक नहीं पाते. IMDb पर इसे 7.6 की रेटिंग मिली है और इसे जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है. इसमें जहां हाई-ऑक्टेन एक्शन है, वहीं इमोशनल मोमेंट्स और पॉलिटिकल ड्रामा भी इसे और दिलचस्प बनाते हैं.
‘द नाइट मैनेजर’ की कहानी एक साधारण होटल मैनेजर शान सेनगुप्ता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खतरनाक इंटरनेशनल बिजनेसमैन शेली रंजन की गैरकानूनी गतिविधियों में उलझ जाता है. कहानी में जासूसी, धोखे, छल, ग्लैमर और एक्शन का बेहतरीन संगम देखने को मिलता है. इसके शानदार विजुअल्स, विदेशी लोकेशंस और दमदार डायलॉग्स इसे एक इंटरनेशनल लेवल का अनुभव देते हैं. यह शो दिखाता है कि अच्छाई और बुराई के बीच की लड़ाई सिर्फ बंदूकों से नहीं, बल्कि दिमाग और हिम्मत से भी लड़ी जाती है.
इस सीरीज में आदित्य रॉय कपूर, अनिल कपूर, शोभिता धूलिपाला, तिलोत्तमा शोम और रवींद्र मंथा जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं. फिलहाल इसके दो पार्ट्स रिलीज हो चुके हैं और अब दर्शक इसके अगले चैप्टर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, ‘द नाइट मैनेजर’ के नए सीजन को लेकर अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
यह भी पढ़ें: Galaxy S25 FE के लॉन्च से पहले Galaxy S24 FE पर 25 हजार की बंपर छूट, 4 पॉइंट्स में जानें क्यों खरीदना चाहिए