Anurag Kashyap की ‘निशानची’ (Nishaanchi) अब OTT पर आने के लिए तैयार है। साल 2012 में आई Gangs of Wasseypur ने जिस देसी हिंसा और रॉ रियलिज़्म से हिंदी सिनेमा का चेहरा बदला था, उसी अंदाज़ को एक बार फिर अनुराग कश्यप ने अपने नए क्राइम ड्रामा ‘निशानची’ में जीवंत किया है। हालांकि फिल्म सिनेमाघरों में कोई कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन अब यह OTT पर दस्तक देने को तैयार है।
IMDb पर निशानची को 6.6/10 की रेटिंग मिली है, जो इसे एक औसत से बेहतर फिल्म के रूप में पहचान देती है। फिल्म से बाला साहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्य ठाकरे ने डबल रोल (बबलू और डबलू) के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया है। उनके साथ वेदिका पिंटो, कुमुद मिश्रा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, और विनीत कुमार सिंह जैसे सशक्त कलाकार शामिल हैं।
अगर Gangs of Wasseypur की कहानी झारखंड के कोयला माफिया पर थी, तो Nishaanchi का दिल कानपुर की गलियों में धड़कता है। यह कहानी दो जुड़वां भाइयों, बबलू और डबलू की है, जो अपराध, प्यार और बदले की दुनिया में उलझ जाते हैं।
बबलू और डबलू अपनी साथी रिंकू (वेदिका पिंटो) के साथ एक बैंक डकैती की कोशिश करते हैं, लेकिन नाकाम हो जाते हैं। बबलू पकड़ा जाता है और इसे 10 साल की सजा हो जाती है। उधर, रिंकू अपने पिता की मौत के बाद मजबूरी में नौटंकी में नाचने का काम करती है, जबकि बबलू जेल में रिंकू के प्रति अपने जुनून में जलता रहता है।
बबलू और डबलू के माता-पिता मंजरी (मोनिका पंवार) और जबरदस्त सिंह (विनीत कुमार सिंह) हैं। मंजरी एक नेशनल लेवल निशानेबाज और जबरदस्त सिंह अखाड़े का पहलवान है। लेकिन राजनीति, धोखा और भाई-भतीजावाद इनके सपनों को कुचल देते हैं। जबरदस्त का दोस्त अंबिका प्रसाद (कुमुद मिश्रा) असल में दुश्मन बन जाता है और उसकी हत्या करवा देता है। उसकी नज़र सिर्फ संपत्ति पर नहीं, बल्कि विधवा मंजरी पर भी होती है, यही कहानी के ट्रैजेडी और विद्रोह की जड़ बनती है।
वर्तमान में लौटकर कहानी और भी दिलचस्प हो जाती है। बबलू और डबलू अनजाने में उसी अंबिका प्रसाद के लिए काम करने लगते हैं, जिसने उनके पिता की हत्या की थी। अंबिका, बबलू से अखाड़े के मुखिया (राजेश कुमार) का खून करवाता है और उसे जेल भिजवा देता है। लेकिन जेल से छूटने के बाद बबलू एकदम बेकाबू हो चुका है, वह रिंकू के लिए जुनून और अंबिका के खिलाफ बदले की आग में जलता है। कहानी का क्लाइमैक्स तब आता है जब बबलू, अंबिका के साम्राज्य को चुनौती देता है और पूरा खेल उलट जाता है।
अगर आप डार्क सिनेमा, रॉ क्राइम ड्रामा और अनुराग कश्यप के स्टाइलिश नैरेटिव के फैन हैं, तो ‘निशानची’ को मिस न करें। यह फिल्म 14 नवंबर 2025 को Amazon Prime Video पर रिलीज़ हो रही है।