OTT पर अगर लगातार रोमांटिक फिल्में और कहानियां देखकर आप बोर हो गए हैं और अब कुछ अलग तलाश रहे हैं, तो तमिल सिनेमा की फिल्म ‘युद्धम सेई’ (Yutham Sei) आपकी वॉचलिस्ट में जगह बना सकती है। साल 2011 में रिलीज हुई यह फिल्म सिर्फ एक साधारण मर्डर मिस्ट्री नहीं है, बल्कि इसकी कहानी धीरे-धीरे ऐसे रहस्यों से पर्दा उठाती है, जो दर्शकों को अंत तक उलझाए रखते हैं। फिल्म का निर्देशन मिस्किन (Mysskin) ने किया है और इसका डार्क ट्रीटमेंट और गंभीर किरदार इसे एक अलग तरह की क्राइम थ्रिलर बनाते हैं।
‘युद्धम सेई’ की शुरुआत चेन्नई की बारिश से प्रभावित सड़कों पर मिले इंसानी हाथों से होती है। खास बात यह है कि इन कटे हुए हाथों को बेहद सफाई से गिफ्ट पैक किए गए डिब्बों में रखा गया होता है। इस रहस्यमयी घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल जाती है और पुलिस के सामने एक ऐसी गुत्थी आती है, जिसकी परतें खुलते-खुलते कहानी काफी आगे निकल जाती है।
फिल्म में जांच की जिम्मेदारी CB-CID अधिकारी जेके यानी J. Krishnamoorthy को मिलती है। इस भूमिका को चेरन ने निभाया है। जेके खुद भी बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है, क्योंकि उसकी बहन करीब तीन महीने से गायब है और तमाम कोशिशों के बावजूद वह उसका पता नहीं लगा सका है।
बहन की गुमशुदगी का असर जेके की मानसिक स्थिति पर भी पड़ता है और वह नौकरी छोड़ने का फैसला कर लेता है। हालांकि, उसका सीनियर ऑफिसर इस्तीफा स्वीकार नहीं करता। इसके बाद जेके अपनी सहायक तमिलसेल्वी (दीपा शाह) और मुख्य रोगविज्ञानी डॉ. जुडास (जयप्रकाश) के साथ इस केस की जांच शुरू करता है।
जांच आगे बढ़ने पर मामला महज कुछ हत्याओं तक सीमित नहीं रहता। जेके को पता चलता है कि जिन लोगों के हाथ बरामद हो रहे हैं, उनका संबंध समाज के प्रभावशाली अपराधियों और कुछ पुलिस अधिकारियों से है। ये लोग एक बड़े देह व्यापार यानी सेक्स रैकेट और अपराध सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं।
फिल्म का सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब होता है, जब हत्याओं के पीछे किसी आम सीरियल किलर के बजाय एक सम्मानित डॉक्टर और उनकी पत्नी के परिवार का हाथ सामने आता है। यही ट्विस्ट कहानी को और ज्यादा रहस्यमयी और गंभीर बना देता है।
‘युद्धम सेई’ साल 2011 में रिलीज हुई तमिल फिल्म है। इसमें चेरन, दीपा शाह, वाई.जी. महेंद्रन और लक्ष्मी रामकृष्णन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन मिस्किन ने किया है। इसका प्रोडक्शन AGS Entertainment ने किया है।
‘युद्धम सेई’ को IMDb पर 7.9 की रेटिंग मिली है। 7.0 या उससे अधिक की IMDb रेटिंग को आमतौर पर अच्छी रेटिंग माना जाता है। फिल्म की यह रेटिंग बताती है कि क्राइम और मिस्ट्री पसंद करने वाले दर्शकों के बीच इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। दर्शक इसे JioHotstar पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Vivo Y31t 5G vs Realme 16x 5G vs Poco M8 Power: डिस्प्ले, कैमरा, कीमत और अन्य की तुलना