अगर आपको हिंदी सिनेमा की सस्पेंस और मिस्ट्री से भरपूर फिल्में पसंद हैं, तो ओटीटी पर एक ऐसी फिल्म मौजूद है जो शुरुआत से लेकर आखिरी सीन तक दर्शकों को बांधे रखती है। यह मर्डर मिस्ट्री-थ्रिलर साल 2017 में रिलीज हुई थी और इसे अभय चोपड़ा ने डायरेक्ट किया है। इसमें कोई भी गाना या इंटरवल नहीं है, और क्लाइमैक्स में तो आपको धमाकेदार ट्विस्ट मिलने वाला है। क्या आप इस फिल्म को पहचान पाए?
अगर जवाब नहीं मिला, तो बता दें कि इस फिल्म का नाम ‘इत्तेफाक’ है। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ-साथ अक्षय खन्ना, मंदिरा बेदी और हिमांशु कोहली भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
कहानी की शुरुआत एक तेज रफ्तार में पीछा करने वाले सीन से होती है, जहां सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा होता है। भागते समय उसकी कार का एक्सीडेंट हो जाता है और वहीं से कहानी नया मोड़ लेती है। इसके बाद सोनाक्षी सिन्हा की एंट्री होती है और जल्द ही सिद्धार्थ का किरदार पुलिस की गिरफ्त में आ जाता है। उस पर दो हत्याओं का आरोप लगाया जाता है। शुरुआत में कहानी सीधी-सादी लगती है, लेकिन जैसे-जैसे घटनाएं आगे बढ़ती हैं, कई रहस्य सामने आते हैं और दर्शक लगातार अंदाजा लगाते रहते हैं कि आखिर दो अलग-अलग कातिल हैं या दोनों हत्याएं किसी एक ही व्यक्ति ने की हैं।
फिल्म में अक्षय खन्ना एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाते हैं, जो इस डबल मर्डर केस की जांच करते दिखाई देते हैं। IMDb की जानकारी के अनुसार, यह किरदार पहले शाहरुख खान को ऑफर किया गया था, लेकिन उस समय वे अपनी फिल्मों फैन (2016) और रईस (2017) में बिज़ी थे, जिसके कारण वे इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सके।
दिलचस्प बात यह है कि पूरी फिल्म में एक भी गाना नहीं रखा गया है, जो हिंदी सिनेमा में कम ही देखने को मिलता है। लगभग 1 घंटा 45 मिनट की इस फिल्म को IMDb पर 7.2 की रेटिंग मिली हुई है, जो इसे मिस्ट्री-थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए एक मजबूत विकल्प बनाती है। अगर आप इस फिल्म को देखना चाहते हैं तो यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 Ultra को लेकर सबसे बड़ी जानकारी लीक, लॉन्च से पहले सामने आया पूरा लुक, रिवील हुए ये फीचर