Meta के स्वामित्व वाला पॉपुलर मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp कथित तौर पर एक पेड सब्सक्रिप्शन टियर पर काम कर रहा है जिसका नाम WhatsApp Plus रखा जा सकता है और यह एंड्राइड और iOS दोनों में आ सकता है. ऐसा कहा जा रहा है की यह फीचर फिलहाल एंड्राइड और iOS दोनों डिवाइसेज़ के लिए डेवलपमेंट में है. हालंकि, प्लेटफॉर्म का बेसिक अनुभव बाद में भी मुफ्त ही रहेगा, लेकिन जो यूज़र्स पेड टियर के लिए पैसा खर्च कर सकते हैं उन्हें अतिरिक्त कस्टमाइज़ेशन टूल्स और कुछ अन्य फायदे मिलेंगे। व्हाट्सएप ट्रैकर WABetaInfo ने पहले इस नए फीचर की जानकारी अपने आधिकारिक X हैंडल पर दी, जिसमें बताया गया की नया सब्सक्रिप्शन टियर प्राथमिक रूप से विजुअल कस्टमाइज़ेशन और पर्सनलाइज़्ड टूल्स पर केंद्रित होगा। रिपोर्ट के अनुसार, बेसिक मैसेजिंग फीचर्स सभी के लिए फ्री रहेंगे।
जिन फीचर्स को फ़िलहाल सबसे ज्यादा एक्सप्लोर किया जा रहा है, उनमें से एक है चैट्स को पिन करने की लिमिट बढ़ाना। अभी तक व्हाट्सएप आपको अपनी चैट लिस्ट में से टॉप पर केवल 3 ही चैट्स को पिन करने की अनुमति देता है, जिनमें अगर आप काम के ग्रुप्स, फैमिली ग्रुप और कुछ ज़रूरी वन-ऑन-वन चैट्स को एक साथ मैनेज कर रहे हैं, तो वे बहुत ही तेज़ी से भर जाते हैं. ऐसे में WhatsApp Plus इस फीचर के साथ 20 चैट्स तक पिन करने का विकल्प दे सकता है.
लुक के मामले में सब्सक्राइबर्स को ऐप की थीम बदलने, एक्सेंट कलर्स को बदलने और 14 अलग-अलग ऐप आइकन्स में से एक चुनने का विकल्प दिया जा सकता है. यह एक तरह का पर्सनलाइज़ेशन है जिसका इस्तेमाल एंड्राइड यूज़र्स कई सालों से अनधिकृत APKs के जरिए कर रहे हैं, लेकिन अब यह सच में वैध होगा जिससे आपका अकाउंट भी बैन नहीं होगा।
ऐसा भी कहा जा रहा है की WhatsApp Plus में एक्सक्लूसिव रिंगटोन्स शामिल होंगी जो केवल सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होंगी। हर एक रिंगटोन अलग स्टाइल की होगी जिससे यूज़र्स को इनकमिंग व्हाट्सएप कॉल्स को तुरंत पहचानने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, कथित तौर पर मैसेज रिएक्शन्स को भी सब्सक्राइबर्स के लिए और ज्यादा एक्सप्रेसिव बनाया जा रहा है और साथ-साथ एक्सक्लूसिव स्टिकर्स पर भी काम चल रहा है. हालांकि, सब्सक्रिप्शन फीचर का नतीजा क्या निकलता है उसके आधार पर इन दोनों फीचर्स का समय के साथ और विस्तार किया जा सकता है.
अब तक सब्सक्रिप्शन की कीमत या लॉन्च डेट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है और सबकुछ लाइव होने से पहले फाइनल फीचर सेट में बदलाव हो सकते हैं. हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाट्सएप ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी ज़रूरी चीज़ के लिए पैसों की दिवार आड़े नहीं आएगी। यह सब्सक्रिप्शन सिर्फ उन लोगों के लिए है जो अतिरिक्त फीचर्स चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: Motorola Edge 70 Fusion भारत में 144Hz AMOLED डिस्प्ले और 7000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, वॉटरप्रूफ है नया फोन