WhatsApp में आया नया अपडेट, अब ऐसा दिखेगा ‘About Me’ फीचर, जानें इस्तेमाल का तरीका

Updated on 25-Nov-2025

WhatsApp लगातार अपने फीचर्स को बदल रहा है. अब इस बार बदलाव सीधे आपके About सेक्शन में आया है. यह वही हिस्सा है जो तब दिखता है जब कोई आपकी प्रोफाइल फोटो पर टैप करता है और आपके बारे में छोटा सा संदेश देखता है. अब इस सेक्शन में बड़ा बदलाव लाया गया है, जिसमें टाइमर, इमोजी और नए तरह की प्राइवेसी सेटिंग शामिल हैं.

यह अपडेट साफ दिखाता है कि Meta अपनी ऐप्स को एक जैसा बनाने की दिशा में बढ़ रहा है, और WhatsApp में अब Instagram जैसा अनुभव दिखाई देने लगा है.

नया About फीचर

WhatsApp का नया About सेक्शन टाइम-बेस्ड अपडेट के साथ आया है. इसका मतलब यह है कि आप अपने About संदेश को कितने समय तक दिखाना चाहते हैं, यह खुद तय कर सकते हैं. इसमें 1 घंटा, 1 दिन या 1 हफ्ता का ऑप्शन दिया गया है.

इसके अलावा, अब आप About में इमोजी भी जोड़ सकते हैं, जो पहले संभव नहीं था. इससे About सेक्शन अब एक छोटे स्टेटस जैसा महसूस होता है, जिसे आप अपनी स्थिति, विचार या उपलब्धता बताने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.

नया About कैसे इस्तेमाल करें?

अपडेट मिलने के बाद यूजर इस तरह नया About जोड़ सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले WhatsApp ऐप खोलें. फिर ऊपर दाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें. इसके बाद फोटो खोलने के बाद About पर टैप करें. अपनी पंक्ति लिखें, इमोजी जोड़ें. आखिरी में आपको एक घंटा, एक दिन या एक हफ्ता की अवधि सेलेक्ट करनी होगी. फिर सेव कर दें फिर यह About आपके चैट लिस्ट में वन-टू-वन चैट्स के ऊपर दिखाई देगा, जिससे इसकी विजिबिलिटी पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है.

प्राइवेसी सेटिंग भी बदली

यूजर अब तय कर सकता है कि नया About किसे दिखे:

  • सभी कॉन्टैक्ट्स
  • चुने हुए कॉन्टैक्ट्स
  • कुछ कॉन्टैक्ट्स को छोड़कर

यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी है जो अक्सर अपना स्टेटस अपडेट करते हैं या अपनी उपलब्धता बताना पसंद करते हैं, लेकिन सभी को नहीं दिखाना चाहते.

नई अपडेट के बीच सुरक्षा चेतावनी भी

इस फीचर अपडेट के साथ WhatsApp एक और वजह से चर्चा में रहा है. भारत की इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने हाल ही में चेतावनी जारी की थी कि WhatsApp में एक गंभीर खामी पाई गई थी. रिपोर्ट में बताया गया कि इस खामी का फायदा उठाकर हैकर डिवाइस सिक्योरिटी को बायपास कर सकते थे.

अच्छी बात है कि WhatsApp ने कहा है कि यह समस्या अब फिक्स कर दी गई है और इसका कोई सबूत नहीं है कि इसे किसी साइबर हमले में उपयोग किया गया हो. यह भी स्पष्ट है कि WhatsApp जितने नए फीचर जोड़ रहा है, उतनी तेजी से उसके सिक्योरिटी अपडेट भी जारी हो रहे हैं, क्योंकि ऐप का यूज बेस काफी बड़ा है और किसी भी खामी का असर अरबों यूजर्स पर पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: घर में पड़ी है दादी-नानी की पुरानी और ब्लैक एंड व्हाइट फोटो? चुटकियों में हो जाएगी कलरफुल और नई, इस AI का करें इस्तेमाल

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :