भारत में ऑनलाइन पेमेंट अब रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुका है और इसी के साथ बैंकिंग सेवाएं भी तेज़ी से आधुनिक हो रही हैं। इसी बीच, ATM से पैसे निकालने के तरीके में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब बिना डेबिट या क्रेडिट कार्ड के भी ATM से कैश विड्रॉल संभव हो गया है। UPI आधारित कार्डलेस कैश विड्रॉल सुविधा के ज़रिए यूज़र्स Google Pay, Paytm, PhonePe, Amazon Pay और अन्य UPI ऐप्स का इस्तेमाल करके सीधे ATM से पैसे निकाल सकते हैं।
यह नई सुविधा NCR कॉरपोरेशन द्वारा अपग्रेड किए गए ATM नेटवर्क के माध्यम से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य कैश विड्रॉल को ज्यादा आसान, तेज़ और सुरक्षित बनाना है, खासकर उन परिस्थितियों में जब कार्ड उपलब्ध न हो या अचानक कैश की ज़रूरत पड़ जाए।
अब तक एटीएम से पैसे निकालने के लिए फिजिकल डेबिट कार्ड और पिन की जरूरत होती थी, लेकिन इंटरऑपरेबल कार्डलेस कैश विड्रॉल यानी ICCW सिस्टम में कार्ड की ज़रूरत पूरी तरह खत्म हो जाती है। इसमें यूपीआई ऑथेंटिकेशन और क्यूआर कोड स्कैनिंग के ज़रिए सीधे बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं। यह सिस्टम इंटरऑपरेबल है, यानी अलग-अलग बैंकों और यूपीआई प्लेटफॉर्म्स पर एक ही तरीके से काम करता है।
यह तकनीक उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी है जो अपना एटीएम कार्ड भूल जाते हैं, कार्ड खो जाता है या ब्लॉक हो जाता है। इमरजेंसी में तुरंत कैश निकालने के लिए भी यह एक भरोसेमंद विकल्प है। साथ ही, इसमें कार्ड स्किमिंग और फिजिकल कार्ड चोरी जैसी समस्याओं का खतरा भी कम हो जाता है, क्योंकि लेनदेन पूरी तरह मोबाइल और यूपीआई पिन के जरिए होता है।
यह भी पढ़ें: Mirzapur वाली बीना त्रिपाठी का इन फिल्मों-सीरीज में भी रौला, एक की IMDb रेटिंग 8.5, देखें फुल लिस्ट