दिन-रात चलेगा AC-फ्रिज..फिर भी बहुत कम आएगा बिजली बिल, बस अपना लें ये 5 उपाय

गर्मी का मौसम आते ही घरों में बिजली की खपत तेजी से बढ़ जाती है. पंखे, कूलर और खासकर एयर कंडीशनर लगातार चलने लगते हैं, जिससे महीने का बिजली बिल काफी ज्यादा आ सकता है. हालांकि, कुछ आसान और व्यावहारिक उपाय अपनाकर बिजली की खपत को काफी हद तक कम किया जा सकता है और बिल पर नियंत्रण रखा जा सकता है.

AC का सही तरीके से इस्तेमाल करें

गर्मी के दिनों में सबसे ज्यादा बिजली एयर कंडीशनर से खर्च होती है. बहुत से लोग AC को 18 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर चला देते हैं, जिससे बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार AC को 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच सेट करना सबसे सही माना जाता है. तापमान को सिर्फ एक डिग्री बढ़ाने से लगभग 6 प्रतिशत तक बिजली की बचत हो सकती है.

AC के साथ पंखा चलाने से भी कमरे को जल्दी ठंडा किया जा सकता है. जब छत का पंखा धीमी गति से चलता है तो वह कमरे में ठंडी हवा को बेहतर तरीके से फैलाने में मदद करता है. इससे AC पर कम दबाव पड़ता है और बिजली की खपत घटती है.

इसके अलावा AC का एयर फिल्टर हर 15 दिन में साफ करना भी जरूरी है. गंदा फिल्टर मोटर पर अतिरिक्त दबाव डालता है और इससे बिजली की खपत बढ़ जाती है.

प्राकृतिक ठंडक के तरीके अपनाएं

घर को ठंडा रखने के लिए हमेशा बिजली के उपकरणों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती. कुछ प्राकृतिक तरीके भी काफी असरदार होते हैं.

दिन के समय खासकर दोपहर में खिड़कियों पर पर्दे लगाए रखना चाहिए ताकि धूप सीधे कमरे में न आए. गहरे रंग के पर्दे या मोटे ब्लाइंड्स कमरे का तापमान कम रखने में मदद करते हैं. सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच पर्दे बंद रखने से घर में गर्मी कम प्रवेश करती है.

शाम के समय खिड़कियां खोलने से बाहर की ठंडी हवा घर में आ सकती है, जिससे AC या कूलर चलाने की जरूरत कम हो सकती है. अगर घर की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं तो छत पर सफेद या रिफ्लेक्टिव पेंट करवाने से भी घर का तापमान कम रखने में मदद मिलती है.

इस्तेमाल न होने पर उपकरण बंद रखें

कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद होने के बाद भी थोड़ी बिजली खर्च करते रहते हैं. टीवी, लैपटॉप चार्जर, माइक्रोवेव जैसे उपकरण रिमोट से बंद होने के बाद भी स्टैंडबाय मोड में बिजली लेते रहते हैं.

अगर इन उपकरणों को पूरी तरह स्विच से बंद या प्लग से निकाल दिया जाए तो अनावश्यक बिजली की खपत को रोका जा सकता है.

फ्रिज का सही उपयोग भी जरूरी

रेफ्रिजरेटर की सेटिंग और उसकी स्थिति भी बिजली की खपत को प्रभावित करती है. फ्रिज को दीवार से कम से कम छह इंच दूर रखना चाहिए ताकि पीछे की गर्म हवा आसानी से बाहर निकल सके.

सर्दियों की सेटिंग को गर्मियों के मौसम के अनुसार बदलना भी जरूरी होता है. इसके अलावा फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलने से बचना चाहिए. गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखने से भी बिजली की खपत बढ़ जाती है क्योंकि उपकरण को तापमान बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.

LED बल्ब का इस्तेमाल करें

पुराने फिलामेंट बल्ब और ट्यूबलाइट ज्यादा बिजली खर्च करते हैं. इनके बजाय LED बल्ब का उपयोग करना ज्यादा बेहतर विकल्प है. LED बल्ब कम बिजली में ज्यादा रोशनी देते हैं और लंबे समय तक चलते हैं, जिससे बिजली बिल कम करने में मदद मिलती है.

अगर इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाया जाए तो गर्मियों में भी बिजली की खपत को काफी कम किया जा सकता है और हर महीने आने वाले बिजली बिल को नियंत्रित रखना आसान हो सकता है.

यह भी पढ़ें: क्या आपका मोबाइल-लैपटॉप का चार्जर भी 24 घंटे लगा रहता है प्लग में? जान लीजिए क्या होगा नुकसान

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :