अगर आपके WhatsApp के जरूरी चैट या मैसेज गलती से डिलीट हो गए हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है. कई मामलों में इन मैसेज को वापस लाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि पहले से बैकअप मौजूद हो.
WhatsApp अपनी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन प्रणाली के कारण यूजर्स के मैसेज अपने सर्वर पर स्टोर नहीं करता. इसी वजह से डिलीट हुए मैसेज की रिकवरी केवल उस बैकअप के जरिए संभव होती है जो यूजर ने क्लाउड पर सेव किया होता है. Android फोन में यह बैकअप आमतौर पर Google Drive पर सेव होता है, जबकि iPhone में यह iCloud पर स्टोर किया जाता है.
मैसेज रिकवर करने के लिए यह जरूरी है कि वही फोन नंबर और वही Google या Apple अकाउंट इस्तेमाल किया जाए जिससे पहले बैकअप बनाया गया था. साथ ही यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि जिस समय आखिरी बैकअप लिया गया था, उसके बाद आए मैसेज अगर डिलीट हो गए हों तो वे वापस नहीं मिल पाएंगे.
अगर आप iPhone इस्तेमाल करते हैं तो सबसे पहले यह जांचना होगा कि iCloud में बैकअप मौजूद है या नहीं. इसके लिए WhatsApp खोलकर Settings > Chats > Chat Backup में जाकर आखिरी बैकअप की तारीख देख सकते हैं. अगर बैकअप उपलब्ध है तो सबसे पहले फोन से WhatsApp को अनइंस्टॉल करें और फिर Apple App Store से दोबारा इंस्टॉल करें.
इंस्टॉलेशन के बाद जब आप अपना फोन नंबर और Apple ID वेरिफाई करेंगे तो स्क्रीन पर Restore Chat History का विकल्प दिखाई देगा. इस पर टैप करते ही iCloud से चैट और मीडिया फाइलें फोन में वापस डाउनलोड होने लगेंगी. ध्यान रखें कि फोन में पर्याप्त स्टोरेज खाली होना चाहिए. अगर फोन में जगह कम होगी तो बैकअप पूरी तरह से रिस्टोर नहीं हो पाएगा.
Android यूजर्स के लिए WhatsApp आमतौर पर Google Drive पर क्लाउड बैकअप बनाता है. अगर वहां बैकअप मौजूद है तो WhatsApp को फोन से हटाकर Google Play Store से फिर से इंस्टॉल करना होगा. फोन नंबर वेरिफाई करने के बाद ऐप आपके Google अकाउंट में मौजूद बैकअप को स्कैन करेगा. इसके बाद स्क्रीन पर Restore का विकल्प दिखाई देगा. इस पर टैप करते ही चैट और मीडिया फाइलें वापस डाउनलोड हो जाएंगी.
अगर Google Drive पर बैकअप नहीं है तो Android फोन में एक लोकल बैकअप भी सेव रहता है. यह फोन की इंटरनल स्टोरेज में Databases नाम के फोल्डर में मिलता है. तकनीकी जानकारी रखने वाले यूजर इन फाइलों का नाम बदलकर पुराने बैकअप को रिस्टोर कर सकते हैं, लेकिन सामान्य यूजर्स के लिए Google Drive वाला तरीका सबसे आसान और सुरक्षित माना जाता है. इस तरह अगर पहले से बैकअप मौजूद है तो डिलीट हुए WhatsApp मैसेज को दोबारा वापस लाना संभव हो सकता है.
यह भी पढ़ें: क्या आपका मोबाइल-लैपटॉप का चार्जर भी 24 घंटे लगा रहता है प्लग में? जान लीजिए क्या होगा नुकसान