खुशखबरी! BSNL की 4G सर्विस लॉन्च, आज ही ऑन कर लें VoLTE, HD में कर पाएंगे कॉल, जानें तरीका

Updated on 16-Aug-2025

BSNL यूजर्स के लिए खुशखबरी है. भारत सरकार की स्वामित्व वाली टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने 4G सेवाओं का सॉफ्ट लॉन्च किया है. यह लॉन्च कंपनी ने पार्टनर नेटवर्क के सहयोग से किया है, जिससे अंतिम स्तर की कनेक्टिविटी (last-mile connectivity) सुनिश्चित की जाएगी.

PTI की रिपोर्ट (15 अगस्त 2025) के अनुसार, इस नई सर्विस को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पार्टनर नेटवर्क एक्सेस अरेंजमेंट का उपयोग किया गया है. यानी अब BSNL यूजर्स इस सर्विस का फायदा उठाकर हाई-स्पीड नेटवर्क का आनंद ले सकते हैं.

BSNL ने जानकारी दी है कि इस सर्विस का इस्तेमाल उपभोक्ता अपने कंपैटिबल 4G डिवाइस में मौजूद BSNL SIM के जरिए कर पाएंगे. कंपनी ने इसे “4G-एज-ए-सर्विस” मॉडल का नाम दिया है. इस व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को तुरंत शहरभर में नेटवर्क कवरेज मिलेगा, जबकि BSNL धीरे-धीरे देशभर में अपने स्वदेशी 4G नेटवर्क का विस्तार करती रहेगी.

VoLTE पर HD कॉल की सुविधा

ग्राहकों को इस सेवा का लाभ उठाने के लिए BSNL और MTNL ग्राहक सेवा केंद्रों के साथ-साथ अधिकृत रिटेलर्स से भी SIM कार्ड प्राप्त किए जा सकते हैं. इसके अलावा, eKYC की प्रक्रिया भी इन्हीं केंद्रों पर पूरी की जा सकेगी.

आपको बता दें कि कंपनी ने पहले ही यूजर्स के लिए VoLTE (Voice over LTE) सुविधा भी उपलब्ध करा दी है. VoLTE की मदद से यूजर्स को हाई-डेफिनिशन (HD) क्वालिटी वॉयस कॉल का अनुभव मिलेगा.

करना होगा बस एक SMS

हालांकि, यह सर्विस डिफॉल्ट रूप से मोबाइल में ऑन रहती है लेकिन अगर किसी कारणवश आरको यह सर्विस नहीं मिल रही है तो आप बस एक मैसेज से इसको एक्टिवेट कर सकते हैं. अगर आपके पास BSNL 4G SIM है और आप इस फीचर को इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको बस अपने मोबाइल से एक संदेश भेजना होगा.

इसके लिए आपको ‘ACTVOLTE’ लिखकर 53733 पर मैसेज करना होगा. एक बार यह सक्रिय हो जाने के बाद आपके SIM पर VoLTE सुविधा उपलब्ध हो जाएगी. ध्यान देने वाली बात यह है कि यह सुविधा केवल BSNL 4G और 5G SIM कार्ड पर ही उपलब्ध है. यदि आप अभी भी 2G या 3G SIM कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आप अपने नजदीकी BSNL ग्राहक सेवा केंद्र जाकर बिल्कुल मुफ्त में इसे 4G या 5G SIM में अपग्रेड करा सकते हैं.

BSNL का यह कदम राजधानी दिल्ली के ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत है, क्योंकि लंबे समय से यहां BSNL के 4G नेटवर्क का इंतजार किया जा रहा था.

यह भी पढ़ें: UPI में बड़ा बदलाव, PhonePe, GPay और Paytm में बंद हो रहा ये ऑप्शन, जान लें वजह

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :