Samsung ने अपने ग्लोबल इवेंट में नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन Galaxy S26 Ultra पेश कर दिया है। यह स्मार्टफोन 6.9-इंच AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy प्रोसेसर, 200-मेगापिक्सल क्वाड-कैमरा सेटअप और 5000mAh बैटरी जैसी प्रीमियम खूबियों के साथ आता है। लॉन्च के साथ ही इसकी तुलना सीधे Apple के iPhone 17 Pro Max से की जा रही है, जिसे पिछले साल सितंबर में पेश किया गया था। ऐसे में भारत में कीमत, स्पेसिफिकेशन और कैमरा क्षमताओं के आधार पर दोनों फोन्स के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प बन गया है।
डिज़ाइन और डिस्प्ले की बात करें तो Samsung अपनी मजबूत डिस्प्ले तकनीक को आगे बढ़ाता नजर आता है। Galaxy S26 Ultra में 6.9-इंच QHD+ Dynamic AMOLED 2X स्क्रीन दी गई है, जिसमें 1Hz से 120Hz तक एडैप्टिव रिफ्रेश रेट और बेहतर आउटडोर विज़िबिलिटी के लिए विज़न बूस्टर फीचर मिलता है। बड़ी स्क्रीन होने के बावजूद फोन की मोटाई केवल 7.9mm और वजन 214 ग्राम रखा गया है। इसे अब तक का सबसे पतला और सबसे हल्का Galaxy S Ultra फोन बनाने के लिए इसमें एलुमिनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है।
दूसरी ओर, iPhone 17 Pro Max में 6.9-इंच LTPO Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और लगभग 3000 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। हालांकि यह फोन 233 ग्राम वजन और 8.8mm मोटाई के साथ थोड़ा भारी महसूस होता है। कागज़ी आंकड़ों में Samsung हल्का और पतला है, जबकि Apple ज्यादा ब्राइट स्क्रीन ऑफर करता है। इसमें भी एलुमिनियम यूनिबॉडी डिज़ाइन दिया गया है।
परफॉर्मेंस के मामले में Galaxy S26 Ultra में Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy चिपसेट के साथ 16GB तक RAM और Android 16 आधारित One UI 8.5 मिलता है। इस बार कंपनी ने खास तौर पर AI फीचर्स और बेहतर पावर एफिशिएंसी पर ध्यान दिया है।
वहीं iPhone 17 Pro Max में 3nm प्रोसेस पर बना A19 Pro चिप और iOS 26 मिलता है। Apple लंबे समय से चिप ऑप्टिमाइजेशन और लंबी सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिए जाना जाता है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में iPhone बेहतर एफिशिएंसी दे सकता है, जबकि ज्यादा RAM के कारण Samsung भारी मल्टीटास्किंग में बढ़त लेता है।
कैमरा सेगमेंट में दोनों कंपनियों की रणनीति अलग दिखाई देती है। Galaxy S26 Ultra में 200MP का प्राइमरी सेंसर, 50MP अल्ट्रा-वाइड, 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो (5x ऑप्टिकल ज़ूम) और 10MP का 3x टेलीफोटो कैमरा शामिल है, जो हाई-रेजोल्यूशन फोटो और लंबी दूरी के ज़ूम के लिए डिजाइन किया गया है।
वहीं iPhone 17 Pro Max में तीनों 48MP सेंसर वाले कैमरे मिलते हैं, जिसमें वाइड, अल्ट्रा-वाइड और 4x ऑप्टिकल ज़ूम वाला पेरिस्कोप टेलीफोटो शामिल है, साथ ही LiDAR सेंसर भी दिया गया है। वीडियो रिकॉर्डिंग में Apple अब भी मजबूत माना जाता है, जहां ProRes, Dolby Vision HDR 120fps और स्पेशल वीडियो जैसे फीचर मिलते हैं। आसान शब्दों में कहें तो Samsung ज़ूम और मेगापिक्सल में आगे है, जबकि Apple वीडियो क्वालिटी और कलर कंसिस्टेंसी में बढ़त बनाए रखता है।
बैटरी और कनेक्टिविटी की बात करें तो Galaxy S26 Ultra में 5000mAh बैटरी दी गई है, जो 60W फास्ट चार्जिंग के साथ लगभग 30 मिनट में 75 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है। इसके अलावा वायरलेस चार्जिंग और Wireless PowerShare भी मौजूद है।
iPhone 17 Pro Max में 4823mAh बैटरी दी गई है। Apple की सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन अच्छी मानी जाती है, लेकिन बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड के मामले में Samsung को बढ़त मिलती है। दोनों स्मार्टफोन Wi-Fi 7 और Bluetooth 6.0 जैसे लेटेस्ट कनेक्टिविटी फीचर्स सपोर्ट करते हैं।
भारत में कीमत की बात करें तो Galaxy S26 Ultra की शुरुआती कीमत 1,39,999 रुपये रखी गई है। वहीं iPhone 17 Pro Max की मौजूदा कीमत Amazon पर लगभग 1,49,900 रुपये है। इस तरह कीमत के लिहाज से Samsung कम दाम में फ्लैगशिप हार्डवेयर ऑफर करता नजर आता है।
अगर 2026 में बेहतर ज़ूम कैमरा, तेज चार्जिंग और वैल्यू-फॉर-मनी आपकी प्राथमिकता है, तो Galaxy S26 Ultra मजबूत विकल्प साबित हो सकता है। वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग, सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम और लंबे समय तक स्थिर परफॉर्मेंस चाहने वाले यूज़र्स के लिए iPhone 17 Pro Max अब भी आकर्षक विकल्प बना रहेगा। आखिरकार सही चुनाव इस बात पर निर्भर करेगा कि आपकी पसंद Android की ओर है या iOS की ओर।