Samsung ने अपनी नई Galaxy S26 सीरीज को लॉन्च कर दिया है. इस लाइनअप में तीन मॉडल शामिल हैं. जिनमें सबसे प्रीमियम मॉडल Galaxy S26 Ultra है. इसमें कई दमदार फीचर्स दिए गए हैं. लेकिन, एक फीचर की सबसे ज्यादा बात हो रही है. हम बात कर रहे हैं इसमें दिए गए Privacy Display’ फीचर की. यह फीचर स्क्रीन को साइड एंगल से देखने पर धुंधला कर देता है, जिससे संवेदनशील जानकारी दूसरों की नजर से सुरक्षित रहती है.
यह फीचर इतना दिलचस्प माना जा रहा है कि Samsung के चीनी प्रतिद्वंद्वी ब्रांड जैसे Xiaomi, Oppo और Vivo भी इसे अपने आने वाले फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स में अपना सकते हैं. अभी तक कई टेम्पर्ड ग्लास आते थे जो ऐसा दावा करते थे लेकिन, अब कंपनी ने इनबिल्ट यह फीचर दे दिया है. खासतौर पर जब आपके बगल में बैठा व्यक्ति तांक-झांक करने की कोशिश करेगा तो उसको साइड से आपके फोन की स्क्रीन नहीं दिखेगी.
Samsung Galaxy S26 Ultra में आने वाला Privacy Display एक सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर का संयोजन है. इसका मकसद फोन की स्क्रीन को साइड से झांकने वालों से बचाना है. जब यह फीचर एक्टिवेट होगा, तो फोन की स्क्रीन सीधे सामने से तो साफ दिखाई देगी, लेकिन साइड एंगल से देखने पर स्क्रीन पढ़ना लगभग असंभव हो जाएगा. यानी अगर आप किसी पब्लिक जगह पर मैसेज पढ़ रहे हैं या बैंकिंग ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपके बगल में बैठा व्यक्ति आपकी स्क्रीन नहीं देख पाएगा.
कई मौजूदा Samsung यूजर्स उम्मीद कर रहे थे कि यह फीचर सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए उनके डिवाइस पर भी आएगा. लेकिन तकनीकी रिपोर्ट्स के अनुसार, यह संभव नहीं है. यह क्षमता खास OLED M14 डिस्प्ले तकनीक पर आधारित है, जबकि पिछले Galaxy डिवाइसों में M13 पैनल का इस्तेमाल किया गया था. यानी यह पूरी तरह हार्डवेयर सपोर्ट पर निर्भर है.
Weibo पर टिपस्टर Digital Chat Station की एक पोस्ट के मुताबिक, सितंबर के आसपास लॉन्च होने वाले कुछ बड़े Android फ्लैगशिप फोन्स में भी ऐसा ही Privacy Display फीचर देखने को मिल सकता है. संभावित तौर पर Xiaomi 17, Oppo Find X9 और Vivo X300 सीरीज के अगले मॉडल इस नई OLED M14 डिस्प्ले तकनीक के साथ आ सकते हैं. इससे यूजर्स को बेहतर प्राइवेसी मिल सकती है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple भी 2029 के आसपास अपने MacBook मॉडल्स में ऐसा ही Privacy Display फीचर ला सकता है. हालांकि फिलहाल यह केवल अटकलें हैं और आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. Samsung का यह कदम दिखाता है कि अब स्मार्टफोन कंपनियां केवल कैमरा और परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि यूजर प्राइवेसी पर भी ध्यान दे रही हैं.
ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26, S26+ और Ultra की भारत में कितनी है कीमत? खरीदने से पहले जान लीजिए एक-एक डिटेल्स