Apple के डिवाइसेज़ दुनिया की सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी में गिने जाते हैं। ये तकनीक सिर्फ ऑन-डिवाइस एक्सपीरियंस को बेहतर नहीं बनाती, बल्कि कई बार असल जिंदगी में भी बेहद काम आती है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां iPhone ने यूज़र्स की जान बचाने में मदद की है। यही नहीं, Apple ने अपनी Apple Watch में भी ऐसे सेफ्टी फीचर्स शामिल किए हैं और हर नए फ्लैगशिप के साथ इन्हें और बेहतर बनाया जाता है।
इन फीचर्स में फॉल डिटेक्शन, इमरजेंसी SOS, हाई और लो हार्ट रेट अलर्ट, ECG जैसी सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि, ये फीचर्स तभी काम करते हैं जब इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करना आता हो और ये एक्टिव हों। इसलिए इनके बारे में जानकारी होना और इन्हें सेट करना बेहद जरूरी है। इस आर्टिकल में हम iPhone और Apple Watch के चार ऐसे इमरजेंसी फीचर्स के बारे में बता रहे हैं, जो मुश्किल हालात में आपकी मदद कर सकते हैं।
Emergency SOS फीचर की मदद से यूज़र तुरंत इमरजेंसी सर्विस से संपर्क कर सकता है और अपने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को अलर्ट भेज सकता है। जब SOS कॉल की जाती है, तो iPhone अपने आप लोकल इमरजेंसी नंबर पर कॉल करता है और आपकी लोकेशन भी शेयर करता है। भारत में इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए साइड बटन को तेजी से तीन बार दबाने पर इमरजेंसी सर्विस का विकल्प सामने आ जाता है।
इसके अलावा भी SOS कॉल करने के अन्य तरीके मौजूद हैं। आप साइड बटन और वॉल्यूम बटन को एक साथ कुछ सेकंड तक दबाकर Emergency SOS स्लाइडर को स्वाइप कर सकते हैं। या फिर इन बटनों को दबाकर रखें, जब तक कि काउंटडाउन शुरू न हो जाए और अपने आप कॉल न लग जाए।
Crash Detection फीचर iPhone 14 और उससे नए मॉडल्स, Apple Watch Series 8 और उसके बाद के वर्जन, Apple Watch SE (Gen 2) और Apple Watch Ultra में उपलब्ध है। Apple के अनुसार, अगर आप किसी कार एक्सिडेंट का शिकार होते हैं, तो यह फीचर अपने आप इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर सकता है। कॉल से पहले डिवाइस अलार्म बजाता है और काउंटडाउन दिखाता है। हालांकि, यह फीचर हर तरह की दुर्घटना को पहचानने में सक्षम नहीं है।
इमरजेंसी सर्विस के अलावा यूज़र अपने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स भी सेट कर सकते हैं। इसके लिए Settings में जाकर Emergency SOS सर्च करें और ‘Edit Emergency Contacts in Health’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके अलावा Health ऐप के जरिए भी यह सेटिंग की जा सकती है। ऐप में ऊपर दाईं ओर प्रोफाइल आइकन पर टैप करें, जहां Medical ID का विकल्प मिलेगा। यहां से आप इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को जोड़ या अपडेट कर सकते हैं।
ध्यान देने वाली बात यह है कि जब भी Emergency SOS कॉल की जाती है, तो iPhone या Apple Watch आपके चुने हुए इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भी भेजता है।
Apple ने एक और खास फीचर Emergency SOS via Satellite भी पेश किया है। यह फीचर iPhone 14 और iPhone 15 सीरीज में उपलब्ध है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर आपके पास न तो मोबाइल नेटवर्क हो और न ही Wi-Fi, तब भी आप सैटेलाइट के जरिए इमरजेंसी मैसेज भेज सकते हैं। Apple यूज़र्स को इसका डेमो टेस्ट करने का विकल्प भी देता है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जा सके।
इन सभी फीचर्स को पहले से समझ लेना और एक्टिव रखना मुश्किल समय में बेहद मददगार साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Jio यूज़र्स के लिए खुशखबरी! लॉन्च हुआ नया किफायती प्रीपेड प्लान, देखें कीमत और फायदे