वॉशिंग मशीन घर के लिए एक बहुत ही जरूरी चीज है. यह सुनिश्चित करने के लिए कि कपड़े अच्छे से साफ हों, यह जरूरी है कि वॉशिंग मशीन का समय-समय पर रखरखाव किया जाए. सोचिए अगर वॉशिंग मशीन खराब हो जाए तो सारे कपड़े हाथ से धोने पड़ेंगे, जो कि एक बहुत ही मेहनत वाला काम है.
अगर वॉशिंग मशीन की सफाई न की जाए, तो कुछ ही दिनों में डिटर्जेंट रखने वाले बॉक्स में साबुन और सॉफ़्टनर जमा हो जाते हैं, जिन्हें हम देख भी नहीं पाते हैं. इसके अलावा, कपड़े लगातार धोने और नमी के कारण वॉशर के ढक्कन के अंदर फफूंदी भी लग सकती है. इस वजह से समय-समय पर वॉशिंग मशीन के ड्रम की सफाई करना बहुत जरूरी है.
हम अक्सर वॉशिंग मशीन इस्तेमाल करने के बाद उसका ढक्कन तुरंत बंद कर देते हैं. यही कारण है कि उसमें नमी के कारण बदबू आने लगती है. हालांकि, इसका इलाज बहुत आसान है. आप अपनी रसोई में रखे बेकिंग सोडा और सिरका की मदद से वॉशिंग मशीन को फिर से चमका सकते हैं और उसमें ताजगी ला सकते हैं.
ये है सफाई का आसान तरीका
इसके लिए आप सबसे पहले बेकिंग सोडा और पानी का उपयोग कर सकते हैं. आपको ¼ कप बेकिंग सोडा में ¼ कप पानी मिलाना है. इस मिश्रण को अपनी वॉशिंग मशीन के डिटर्जेंट कंटेनर में डाल दें.
इसके बाद आप सिरके का उपयोग करें. जब बेकिंग सोडा वाला घोल और सिरका एक साथ मशीन में चला जाए, तो मशीन को रेगुलर साइकिल मोड पर चलाएं. ध्यान रखें कि आप सिर्फ स्पिन या रिंस मोड का इस्तेमाल न करें, बल्कि फुल वॉश साइकिल चुनें.
ये बात जरूर ध्यान रखें
सिरके को कभी भी ब्लीच, अमोनिया या हाइड्रोजन परऑक्साइड जैसे किसी अन्य क्लीनिंग एजेंट के साथ न मिलाएं.
इनका मिश्रण खतरनाक धुएं पैदा कर सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.
जब भी आप कोई सफाई वाला घोल मशीन के ड्रम में डालें, तो उसके बाद ड्रम को अच्छे से धोना न भूलें.
इस तरह आप अपनी वॉशिंग मशीन को लंबे समय तक नया और ताजगी से भरा रख सकते हैं. मशीन में बदबू न आए और कपड़े भी हमेशा साफ और महकते रहें, इसके लिए महीने में एक बार इस प्रक्रिया को जरूर दोहराएं.
सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.