LPG संकट में बड़े काम के हैं ये ऐप्स, मिनटों में करते हैं सिलेंडर बुकिंग, कैशबैक ऑफर्स भी उपलब्ध

भारत में इन दिनों LPG सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पश्चिमी एशिया, खासकर ईरान से जुड़े तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर भारत में LPG इंपोर्ट पर पड़ा है। इसके चलते घरेलू रसोई गैस की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 के पहले सप्ताह में गैर-ज़रूरी बुकिंग के चलते रोज़ाना बुकिंग रिक्वेस्ट सामान्य से लगभग 30–40% ज्यादा दर्ज की गईं। कई शहरों में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल यूजर्स को सिलेंडर मिलने में दिक्कत आ रही है।

स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए LPG उत्पादन में करीब 30% तक बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही 25 दिनों का लॉक-इन नियम लागू किया गया है ताकि गैर-ज़रूरी बुकिंग रोकी जा सके।

ऑनलाइन LPG बुकिंग पर मिलेगा कैशबैक

सिलेंडर बुकिंग अब पहले से आसान हो गई है क्योंकि Indane (IndianOil ONE ऐप), HP Gas (HP Pay ऐप) और Bharat Gas (Hello BPCL ऐप) जैसे ऑफिशियल प्लेटफॉर्म्स के अलावा Paytm, PhonePe, Google Pay, BHIM और MobiKwik जैसे ऐप्स के जरिए भी सिलेंडर बुकिंग की जा सकती है। इन प्लेटफॉर्म्स पर समय-समय पर कैशबैक, डिस्काउंट और रिवॉर्ड्स जैसे ऑफर्स मिलते रहते हैं, जिससे यूजर्स को थोड़ी राहत भी मिलती है।

भारत गैस वालों के लिए ऑफर्स

अगर ऑफर्स की बात करें, तो Bharat Gas के लिए BHIM ऐप या Hello BPCL ऐप के जरिए रिफिल बुक और पेमेंट करने पर 75 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक दिया जा रहा है। BHIM पर नए UPI यूजर्स को 50 रुपये तक और पुराने यूजर्स को 30 रुपये तक का कैशबैक मिल सकता है। यह ऑफर सीमित समय के लिए उपलब्ध है और भुगतान UPI के जरिए करना होगा।

HP गैस यूज़र्स के लिए ऑफर्स

HP Gas यूजर्स के लिए HP Pay ऐप एक ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म है, जहां बुकिंग, पेमेंट और ट्रैकिंग एक ही जगह हो जाती है। इस ऐप पर पेमेंट करने पर Happy Coins या अन्य रिवॉर्ड्स मिलते हैं, और UPI या कार्ड से पेमेंट करने पर इंस्टेंट कैशबैक भी दिया जा रहा है।

इंडेन गैस यूज़र्स के लिए ऑफर्स

Indane Gas के लिए IndianOil ONE ऐप इस समय काफी लोकप्रिय हो रहा है और प्ले स्टोर पर तेजी से डाउनलोड किया जा रहा है। हालांकि यहां फिलहाल कोई बड़ा कैशबैक ऑफर नहीं दिख रहा, लेकिन बुकिंग ट्रैकिंग, डिलीवरी अपडेट और XTRAREWARDS लॉयल्टी पॉइंट्स जैसे फीचर्स इसे कहीं न कहीं उपयोगी बनाते हैं।

UPI ऐप्स के जरिए बुकिंग

Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे ऐप्स पर Indane, HP Gas और Bharat Gas की बुकिंग करते समय अक्सर कैशबैक, कूपन या डिस्काउंट ऑफर्स मिलते रहते हैं। इन ऐप्स में ‘Recharge & Bills’ सेक्शन के अंदर ‘Gas Cylinder/LPG’ विकल्प पर जाकर आसानी से बुकिंग की जा सकती है। हाल ही में सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों के दौरान एजेंसियों ने भी इन्हीं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल की सलाह दी है।

MobiKwik भी LPG बुकिंग पर सुपर कैश और अन्य कैशबैक ऑफर्स दे रहा है, जिसमें Bharat Gas, HP Gas और Indane तीनों शामिल हैं। यहां यूजर्स को अलग-अलग डील्स और डिस्काउंट्स का फायदा मिल सकता है।

ध्यान रखें कि ये सभी ऑफर्स समय के साथ बदल सकते हैं, इसलिए बुकिंग से पहले संबंधित ऐप में ‘Offers’ या ‘Promotions’ सेक्शन जरूर चेक करें।

WhatsApp से भी हो जाएगी बुकिंग

अगर आप ऐप का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो WhatsApp के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। Indane के लिए 7588888824, HP Gas के लिए 9222201122 और Bharat Gas के लिए 1800224344 पर ‘Hi’ भेजकर बुकिंग की जा सकती है। हालांकि इस तरीके में कोई कैशबैक ऑफर नहीं मिलता, लेकिन यह काफी सुविधाजनक है।

यह भी पढ़ें: गर्मियों में आता है बिजली का लम्बा-चौड़ा बिल? ये रहे 5 दमदार जुगाड़, घंटों-घंटों AC चलाने पर भी लिमिट में रहेगा खर्च

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :