गर्मी में छत पर रखा पानी टंकी रहेगा एकदम चिल…नल से आएगा ठंडा पानी, बस कर लें ये देसी जुगाड़

HIGHLIGHTS

गर्मी में टंकी ठंडी रखने के टिप्स

नल से ठंडा पानी पाने का तरीका

कम खर्च में पानी ठंडा रखने के उपाय

Water Tank Cool: गर्मी के मौसम में अक्सर ऐसा होता है कि नल खोलते ही ठंडे पानी की जगह गर्म पानी आने लगता है. इसका सबसे बड़ा कारण छत पर रखी प्लास्टिक पानी की टंकी होती है, जो तेज धूप में पूरी तरह गर्म हो जाती है. दिनभर सूरज की किरणें टंकी को गर्म करती रहती हैं और धीरे-धीरे वही गर्मी अंदर के पानी तक पहुंच जाती है. लेकिन अच्छी बात यह है कि कुछ आसान और सस्ते उपाय अपनाकर आप इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं.

टंकी को ढकना सबसे आसान उपाय

गर्मी से बचाने का सबसे आसान तरीका है टंकी को थर्मल इंसुलेशन कवर से ढकना. यह सफेद या सिल्वर रंग की शीट होती है, जो सूरज की किरणों को रिफ्लेक्ट करती है और टंकी के अंदर गर्मी नहीं जाने देती है. अगर यह शीट उपलब्ध न हो, तो आप घर में पड़े पुराने बेडशीट या बोरी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे पानी में भिगोकर टंकी पर लपेट दें, इससे कूलिंग इफेक्ट और बढ़ जाएगा.

टंकी को छत से अलग रखें

अगर टंकी सीधे छत पर रखी है, तो नीचे से भी गर्मी उसमें पहुंचती है. इसे रोकने के लिए टंकी के नीचे लकड़ी का फ्रेम या थर्माकोल शीट रख सकते हैं. इससे टंकी और छत के बीच गैप बनता है, जिससे डायरेक्ट हीट ट्रांसफर नहीं होता और पानी ठंडा बना रहता है.

छत को ठंडा रखना भी जरूरी

अगर छत ही बहुत गर्म है, तो उसका असर टंकी पर भी पड़ेगा. इसलिए टंकी के आसपास ग्रीन घास मैट बिछाना एक अच्छा उपाय है. अगर यह उपलब्ध नहीं है, तो गीली बोरी या गीला कपड़ा भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे छत का तापमान कम होता है और टंकी पर पड़ने वाली गर्मी भी घटती है.

सही जगह पर रखें टंकी

जहां तक संभव हो, टंकी को ऐसी जगह रखें जहां सीधे धूप न पड़े. जैसे किसी दीवार के पीछे, छज्जे के नीचे या शेड के अंदर. यह एक परमानेंट समाधान है, जिससे आपको बार-बार अस्थायी उपाय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

पाइप को भी इंसुलेट करना जरूरी

सिर्फ टंकी ठंडी रखने से काम नहीं चलेगा. अगर पानी की पाइप धूप में है, तो पानी फिर से गर्म हो जाएगा. इसके लिए पाइप को इंसुलेशन टेप से कवर करें या उसे ऐसी जगह से गुजारें जहां छाया हो.

इन उपायों को अपनाएं

  • टंकी को सफेद या सिल्वर कवर से ढकें
  • गीला कपड़ा या बोरी लपेटें
  • टंकी के नीचे थर्माकोल या लकड़ी रखें
  • छत पर गीली घास मैट बिछाएं
  • पाइप को धूप से बचाएं

पेंट से भी मिल सकता है फायदा

अगर आप थोड़ा निवेश करना चाहते हैं, तो टंकी पर रिफ्लेक्टिव सफेद पेंट करा सकते हैं. यह धूप को वापस रिफ्लेक्ट करता है और टंकी को ज्यादा गर्म होने से बचाता है. लोग इस छोटी समस्या को नजरअंदाज करते रहते हैं और फिर रोज गर्म पानी से परेशान होते हैं. जबकि थोड़ी सी समझदारी और छोटे उपाय अपनाकर आप बिना ज्यादा खर्च किए इस परेशानी को काफी हद तक खत्म कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: Airtel का तगड़ा प्लान..अनलिमिटेड मिलेगा 5G और 4G डेटा, साथ में JioHotstar का भी सब्सक्रिप्शन, जानें दूसरे बेनिफिट्स

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :