भारतीय सिनेमा और ओटीटी की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो शोर मचाकर नहीं बल्कि अपने अभिनय की गहराई से पहचान बनाते हैं। Rasika Dugal यानि (Mirzapur की बीना त्रिपाठी) उन्हीं में से एक हैं। थिएटर से लेकर आर्ट फिल्मों और वेब सीरीज़ तक, रसिका ने हर जगह यह साबित किया है कि सशक्त अभिनय के लिए स्टारडम नहीं, बल्कि सच्चाई और संवेदनशीलता ज़रूरी होती है। जब भी वह स्क्रीन पर आती हैं, उनका किरदार सिर्फ दिखता नहीं, महसूस भी होता है। खास बात यह है कि उन्होंने कभी ग्लैमर के सहारे नहीं, बल्कि किरदारों की जटिलता और भावनात्मक सच्चाई के दम पर अपनी जगह बनाई है। आज हम आपको इन्हीं की कुछ सबसे यादगार फिल्मों और वेब सीरीज के बारे में बताने वाले हैं। आइए जानते हैं की अपनी अदाकारी के दम पर इन्होंने किन फिल्मों और वेब सीरीज को अलग पहचान दिलाई है।
रसिका दुग्गल के करियर को जिस प्रोजेक्ट ने एक नया मोड़ दिया, वह रही वेब सीरीज़ Mirzapur। बीना त्रिपाठी के रूप में उन्होंने एक ऐसी महिला को पर्दे पर उतारा, जो अलग सोच, सत्ता और हिंसा के बीच अपनी पहचान तलाशती है। शुरुआत में दबाई हुई और चुप रहने वाली बीना, धीरे-धीरे एक महत्वाकांक्षी और चालाक महिला में बदलती है। रसिका ने इस ट्रांसफॉर्मेशन को इतनी बारीकी से निभाया कि बीना त्रिपाठी आज ओटीटी की सबसे यादगार महिला किरदारों में गिनी जाती है। यह रोल सिर्फ ताकत का नहीं, बल्कि एक स्त्री के भीतर चल रही उथल-पुथल का भी प्रतीक बन गया। उनके बाऊ जी की मालिश वाले सीन को कोई कैसे भूल सकता है?
इसके बाद Delhi Crime में नीति सिंह का किरदार रसिका के अभिनय का दूसरा मजबूत चैप्टर साबित हुआ। इस कहानी में वह एक पुलिस अधिकारी के रूप में दिखीं, जो एक क्रूर अपराध की जांच करते हुए भीतर से टूटती भी है और मजबूत भी बनती है। इस किरदार में न कोई ओवरड्रामा था और न ही हीरोइज़्म, बल्कि एक इंसान की थकान, डर और ज़िम्मेदारी का सच्चा चित्रण था। रसिका ने दिखाया कि वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील इंसान होता है, जो हर केस के साथ कुछ न कुछ खोता जाता है।
फिल्म Manto में सआदत हसन मंटो की पत्नी सफिया का किरदार निभाकर रसिका ने यह साबित किया कि शांत अभिनय भी उतना ही प्रभावशाली हो सकता है। सफिया के रूप में उन्होंने एक ऐसी पत्नी को जिया, जो बिना शोर किए अपने पति की सबसे बड़ी ताकत बनती है। उनके चेहरे की खामोशी और आंखों की मजबूती इस रोल की जान थी। यह परफॉर्मेंस बताती है कि रसिका को कैमरे के सामने खुद को साबित करने के लिए संवादों की जरूरत नहीं पड़ती।
नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्म Hamid में इशरत का किरदार रसिका के करियर का एक भावनात्मक पड़ाव रहा। ‘आधी विधवा’ के रूप में उन्होंने एक ऐसी महिला की पीड़ा दिखाई, जो न पूरी तरह पत्नी है, न विधवा। इस किरदार में उनका दर्द बनावटी नहीं लगा, बल्कि बेहद निजी और सच्चा महसूस हुआ। यही वजह है कि इस रोल को क्रिटिक्स ने उनके करियर की सबसे ईमानदार परफॉर्मेंस में गिना।
कमर्शियल सिनेमा में भी रसिका ने खुद को सीमित नहीं रखा। Lootcase में लता के रोल में उन्होंने एक आम मिडिल-क्लास पत्नी का किरदार निभाया, जो मासूम भी है और हालात के साथ बदलना भी जानती है। वहीं A Suitable Boy में सविता के रूप में वह एकदम अलग, शांत और पारिवारिक किरदार में नजर आईं। फिल्म Qissa में नीली का जटिल रोल उनके पैरेलल सिनेमा की गहराई को दिखाता है, जिसने उन्हें गंभीर कलाकारों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा किया।
अंत में, ऐसा कहा जा सकता है कि रसिका दुग्गल उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने करियर को शॉर्टकट से नहीं, बल्कि धैर्य और चयन से बनाया है। वह हर किरदार में खुद को पूरी तरह मिटा देती हैं और शायद यही वजह है कि उनके रोल लंबे समय तक याद रहते हैं। ओटीटी और आर्ट सिनेमा के दौर में रसिका दुग्गल एक भरोसेमंद नाम बन चुकी हैं, जिनका हर नया प्रोजेक्ट दर्शकों को कुछ सोचने पर मजबूर करता है।