Panchayat Season 5: बनराकस-बिनोद पावरफुल..तो सचिव जी और रिंकी के बीच चढ़ेगा प्यार का बुखार, जानें कब और कहां देखें

Updated on 10-Feb-2026

Panchayat Season 5: पिछले कई सालों में Panchayat ने दर्शकों के साथ एक खास रिश्ता बनाया है. यह सीरीज शोर, हिंसा या चौंकाने वाले ट्विस्ट पर नहीं टिकी, बल्कि छोटे कस्बे की रोजमर्रा की जिंदगी को हल्के हास्य और ईमानदारी के साथ दिखाती है. यही वजह है कि हर सीजन के बाद दर्शक अगली किस्त का इंतजार करते हैं. चार सीजन की सफलता के बाद अब नजरें Panchayat Season 5 पर टिकी हैं.

Panchayat Season 4 में क्या बदल गया?

चौथे सीजन में Phulera गांव की तस्वीर काफी बदलती नजर आई. सबसे बड़ा मोड़ गांव के प्रधान चुनाव में देखने को मिला, जहां मंजू देवी चुनाव हार गईं और क्रांति देवी नई प्रधान बनीं. इस बदलाव ने गांव की राजनीति की दिशा ही बदल दी और कई नए समीकरण सामने आए.

इसी सीजन में सचिव जी के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया. उन्होंने CAT परीक्षा पास कर ली, जो उनके करियर के लिए एक अहम पड़ाव साबित हुआ. इसके साथ ही सचिव जी और रिंकी के रिश्ते में भी धीरे-धीरे गर्माहट दिखी. बिना ज्यादा कहे, छोटी-छोटी बातों में दोनों के बीच बढ़ता जुड़ाव दर्शकों को साफ नजर आया.

Panchayat Season 5 से क्या उम्मीदें?

पांचवां सीजन सचिव जी के सबसे मुश्किल फैसले पर केंद्रित हो सकता है. CAT क्लियर करने के बाद उनके सामने बेहतर करियर के रास्ते खुले हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या वह Phulera को छोड़ पाएंगे. यह गांव अब सिर्फ पोस्टिंग की जगह नहीं, बल्कि उनका घर बन चुका है.

इस फैसले का असर सिर्फ सचिव जी पर नहीं, बल्कि पूरे गांव पर पड़ेगा. ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी, उनकी उम्मीदें और गांव का प्रशासन, सब कुछ इससे जुड़ा है. वहीं रिंकी के साथ उनका रिश्ता भी अब एक नए मोड़ पर पहुंच सकता है, जहां भावनाएं और जिम्मेदारियां आमने सामने होंगी. नई प्रधान बनी क्रांति देवी की भूमिका भी इस सीजन में अहम रहने वाली है. उनके नेतृत्व में गांव किस दिशा में जाता है, यह कहानी का बड़ा हिस्सा बन सकता है. पुराने और नए विचारों की टकराहट Phulera में नई परिस्थितियां पैदा कर सकती है.

रिलीज टाइमलाइन, प्लेटफॉर्म और कास्ट

Panchayat Season 5 के 2026 में रिलीज होने की पुष्टि हो चुकी है. हालांकि अभी इसकी सटीक तारीख सामने नहीं आई है. लेकिन, माना जा रहा है कि यह सीजन जून के आसपास रिलीज हो सकता है. इसको लेकर लगातार मेकर्स बात भी कर रहे हैं. यह सीरीज पहले की तरह Amazon Prime Video पर ही स्ट्रीम होगी.

कास्ट की बात करें तो दर्शकों के पसंदीदा चेहरे फिर से नजर आएंगे. इनमें Jitendra Kumar, Neena Gupta, Raghubir Yadav, Sanvikaa, Faisal Malik और Chandan Roy शामिल हैं. कुल मिलाकर, नया सीजन वही सादगी, वही अपनापन और वही हल्का हास्य लेकर आने वाला है, जिसने इस सीरीज को लोगों का कम्फर्ट शो बना दिया.

यह भी पढ़ें: नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी! UPI से निकाल पाएंगे PF के पैसे, EPFO के मोबाइल ऐप से चुटकियों में होगा काम

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :