सिनेमा फैन्स को इस हफ्ते ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन का शानदार मिश्रण देखने को मिलने वाला है। अगले तीन दिनों में कई बड़ी फिल्में और वेब सीरीज़ रिलीज़ हो रही हैं, जिनमें ड्रामा, रोमांस, थ्रिलर और ऐतिहासिक कहानियों का दमदार संगम है। इस हफ्ते की चर्चित रिलीज़ में Accused में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा एक ऐसे कपल की कहानी लेकर आ रही हैं, जिनकी ज़िंदगी एक सनसनीखेज आरोप के बाद पूरी तरह बदल जाती है। वहीं प्रियंका चोपड़ा जोनस पीरियड एक्शन ड्रामा The Bluff में पूर्व समुद्री लुटेरी रानी के रूप में नज़र आएंगी, जो अपने परिवार को बचाने के लिए अतीत के हिंसक दौर का सामना करती है। इसके अलावा अगस्त्य नंदा फिल्म Ikkis में 1971 युद्ध के वीर सैनिक अरुण खेतरपाल की भूमिका निभाते दिखेंगे।
25 फरवरी को रिलीज़ हो रही Psycho Saiyaan एक जुनूनी प्रेम कहानी पर आधारित है। उज्जैन का शायरी पसंद युवक कार्तिक (अनुद सिंह ढाका) मानता है कि उसे अपनी सच्ची मोहब्बत चारु (तेजस्वी प्रकाश) मिल चुकी है। जैसे-जैसे उसका प्यार गहराता है, उसका लगाव जुनून में बदलने लगता है और वह हर सीमा पार करने को तैयार हो जाता है। सीरीज़ में रवि किशन एक प्रभावशाली और अप्रत्याशित किरदार निभाते हैं, जबकि सृष्टि श्रीवास्तव, वरुण भगत, अश्विनी कालसेकर और सुरभि चंदना भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह शो Amazon MX Player पर स्ट्रीम होगा।
उसी दिन रिलीज़ हो रही The Bluff में एरसेल ‘ब्लडी मैरी’ बोडेन की कहानी दिखाई गई है, जिसने समुद्री लुटेरी जीवन छोड़कर केमैन आइलैंड्स में परिवार के साथ शांत जीवन शुरू किया था। लेकिन उसका पुराना कप्तान कॉनर (कार्ल अर्बन) बदला लेने लौट आता है, जिससे उसका अतीत फिर सामने आ जाता है। परिवार की रक्षा की यह लड़ाई उसके आत्मसम्मान और पहचान की फिर से खोज बन जाती है। फिल्म Prime Video पर उपलब्ध होगी।
26 फरवरी को Ikk Kudi रिलीज़ होगी, जिसमें शहनाज़ गिल डबल रोल में नज़र आएंगी। कहानी सिम्मी नाम की मॉडर्न लड़की की है, जिसकी अरेंज मैरिज की तैयारी तब उलझ जाती है जब उसे अपने मंगेतर के अतीत पर शक होने लगता है। सच्चाई जानने की उसकी कोशिश कई मज़ेदार और इमोशनल घटनाओं को जन्म देती है, जो आखिरकार एक पुराने पारिवारिक रहस्य को उजागर करती है। यह फिल्म Chaupal पर स्ट्रीम होगी।
इसी दिन रिलीज़ होने वाली Ikkis भारत-पाकिस्तान 1971 युद्ध पर आधारित बायोग्राफिकल ड्रामा है। सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल, जिन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था, ने बसंतर की लड़ाई में अपने सेंट्यूरियन टैंक से दुश्मन के कई टैंकों को नष्ट कर निर्णायक बढ़त दिलाई थी। फिल्म में धर्मेंद्र उनके पिता ब्रिगेडियर मदन लाल खेतरपाल के रूप में अपनी आखिरी स्क्रीन परफॉर्मेंस में दिखाई देंगे, जबकि जयदीप अहलावत पाकिस्तानी ऑफिसर की भूमिका निभाते हैं। यह Prime Video पर रिलीज़ होगी।
परिवार और रिश्तों की भावनात्मक कहानी Sangamarmar भी 26 फरवरी को JioHotstar पर आएगी। लगभग 25 सालों की टाइमलाइन में फैली यह कहानी अमृता नाम की महिला के जीवन को दिखाती है, जो अपने प्यार और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच मुश्किल फैसला लेती है। उसके त्याग और धैर्य के माध्यम से रिश्तों में समय के प्रभाव को दर्शाया गया है।
27 फरवरी को रिलीज़ होने वाली Accused में लंदन की प्रसिद्ध गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. गीतिका पर लगे यौन दुराचार के आरोप के बाद उसकी निजी और सामाजिक जिंदगी बिखरती दिखाई देती है। बढ़ती जांच और सार्वजनिक फैसलों के बीच उसकी पत्नी सच्चाई तलाशने की कोशिश करती है। यह फिल्म Netflix पर स्ट्रीम होगी।
इसी दिन Secret Stories: Roslin भी रिलीज़ होगी। कहानी रोसलिन नाम की किशोरी की है, जिसे बार-बार एक हरी आंखों वाले अजनबी के डरावने सपने आते हैं। जब परिवार उसकी बातों को कल्पना मान लेता है, तो थेरेपी के दौरान वह दावा करती है कि वही व्यक्ति असल जिंदगी में उसका पीछा कर रहा है। स्थिति तब और रहस्यमय हो जाती है जब उसी तरह की आंखों वाला मेहमान उनके घर पहुंचता है। यह मलयालम साइकोलॉजिकल थ्रिलर सात भाषाओं में JioHotstar पर उपलब्ध होगी।
यह भी पढ़ें: लंबी लाइनों से छुटकारा! New Aadhaar App बना यूज़र्स की पहली पसंद, मिनटों में ऐसे बदलें नाम, पता, मोबाइल नंबर