Coolie vs War 2: रजनीकांत की ‘कूली’ और ऋतिक रोशन–जूनियर NTR की ‘वॉर 2’ फाइनली सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई हैं, और हाल के समय का यह सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस टकराव साबित हुआ है. इन दोनों को लेकर पिछले कुछ समय से जबरदस्त चर्चा बनी हुई है और इसी बीच आज इन दोनों फिल्मों ने एक साथ सिनेमाघरों में दस्तक दी है. दोनों 14 अगस्त को, यानी स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज़ हुईं ताकि दर्शक लॉन्ग वीकेंड का पूरा फायदा उठा सकें. शुरुआती रुझानों को देखते हुए लगता है कि यह दांव सफल रहा है, क्योंकि देशभर में दर्शक इन दो पैन-इंडिया फिल्मों को देखने उमड़ पड़े हैं.
हालांकि, फिलहाल दोनों फिल्मों के बीच तगड़ा कॉम्पिटीशन चल रहा है, लेकिन प्री-सेल्स में रजनीकांत स्टारर ने ओपनिंग वीकेंड में पहले ही दिन 12 लाख से ज्यादा टिकट सेल करके 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर वॉर 2 को पीछे छोड़ दिया. जबकि वॉर 2 ने तेलुगु में बुकिंग शुरू होने से पहले ही हिंदी वर्जन के ओपनिंग डे पर 10 करोड़ रुपए की बुकिंग कर ली थी. जबकि तेलुगु बुकिंग लाइव हुई तो फिल्म ने 6 लाख से ज्यादा टिकट बेच डाले.
रजनीकांत स्टारर के लिए लोगों का क्रेज़ इतना ज्यादा है कि पहले ही दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. मिले-जुले रिव्यूज मिलने के बावजूद इसने 32.6 करोड़ रुपए के साथ ओपनिंग की, जबकि अभी शाम और रात के शोज़ होने बाकी हैं. यह देखते हुए कहा जा सकता है कि यह फिल्म War 2 के मुकाबले लोगों की पहली पसंद बनकर उभरी है.
लोकेश कनगराज द्वारा डायरेक्ट की गई कूली रजनीकांत द्वारा इंडस्ट्री में 50 साल पूरे करने के मौके पर आया रही है. इस फिल्म में नागार्जुन, आमिर खान, उपेन्द्र, सत्यराज और सौबिन शाहिर समेत पावरहाउस कास्ट शामिल है. War 2 में आपको ऋतिक रोशन और एनटीआर के साथ कियारा अडवाणी, और आशुतोष राणा भी मुख्य भूमिकाओं में देखने को मिलेंगे.
2019 की ब्लॉकबस्टर War का सीक्वल War 2 में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर को पहली बार एक साथ देखा जा रहा है. यह फिल्म धांसू एक्शन सीक्वेंस और हाई-स्टेक्स ड्रामा से भरपूर है. इसमें ऋतिक एक बार फिर खतरनाक रॉ एजेंट कबीर के तौर पर नज़र आ रहे हैं. इस बार कबीर का मिशन उसे दुनिया भर में फैले एक खतरनाक नए दुश्मन विक्रम (जूनियर एनटीआर) की तरफ ले जाएगा, जो बेहद माहिर ऑपरेटिव है.
कूली की बात करें तो देवा, जो कभी सोने की तस्करी करता था, अपने पुराने गिरोह को फिर से ज़िंदा कर खोई हुई शान वापस पाना चाहता है. इसके लिए वह चोरी की गई तकनीक को पुरानी सुनहरी घड़ियों में छिपाकर इस्तेमाल करता है, लेकिन यह कदम ऐसे नतीजे लेकर आता है, जिसकी उसने उम्मीद भी नहीं की थी.
सिनेमाघरों में चलने के बाद रजनीकांत की कूली डिजिटल स्ट्रीमिंग के लिए Amazon Prime Video पर रिलीज़ होगी. आने वाले हफ़्तों में इसकी अधिकारिक स्ट्रीमिंग रिलीज़ डेट की भी घोषणा कर दी जाएगी. वहीं दूसरी ओर, वॉर 2 के डिजिटल अधिकार Netflix को प्राप्त हुए हैं, और यह फिल्म लगभग 8 हफ़्तों बाद स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर प्रीमियर होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: डर और रहस्य का अनोखा मेल दिखाती हैं ये हॉरर सीरीज, पहले एपिसोड से ही शुरू हो जाता है सस्पेंस का खेल