माइंड गेम्स और साइकोलॉजिकल थ्रिलर से भरपूर हैं ये 5 हॉरर फिल्में, दिमाग में खौफ घोल देंगी डरावनी कहानियां

Updated on 02-Feb-2026

अगर थकान भरे दिन के बाद जॉब से घर आकर आप कुछ ऐसा देखने का मन हैं जो सिर्फ डराए ही नहीं बल्कि सोचने पर भी मजबूर कर दे, तो नेटफ्लिक्स पर मौजूद हॉरर और थ्रिलर कंटेंट आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है. थक-हार कर घर आने के बाद ज्यादातर लोग रिलैक्स करना चाहते हैं और ऐसे में ओटीटी प्लेटफॉर्म थिएटर से कहीं ज्यादा आज़ादी देता है, जहां आप अपने मूड के हिसाब से जॉनर चुन सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको नेटफ्लिक्स की उन फिल्मों और सीरीज के बारे में बता रहे हैं जो माहौल को डरावना बना देती हैं और अंत तक बांधे रखती हैं. अगर आपको सुपरनैचुरल एलिमेंट्स, माइंड गेम्स और साइकोलॉजिकल थ्रिलर का शौक है, तो ये टॉप-5 टाइटल्स आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल होने चाहियें.

Shaitaan

विकास बहल के निर्देशन में बनी शैतान डर और मानसिक नियंत्रण का ऐसा मिश्रण पेश करती है, जो दर्शक को बेचैन कर देता है. अजय देवगन, आर. माधवन, ज्योतिका और जानकी बोडिवाला जैसे कलाकार फिल्म को मजबूती देते हैं. कहानी एक परिवार की सुकून भरी छुट्टियों से शुरू होती है, लेकिन वनराज नाम का एक रहस्यमय शख्स उनकी जिंदगी में खौफ घोल देता है. तंत्र-मंत्र, कंट्रोल और मैनिपुलेशन पर आधारित यह फिल्म गुजराती फिल्म वश का हिंदी वर्जन है.

Maa

इसी हॉरर यूनिवर्स को आगे बढ़ाती माइथोलॉजिकल हॉरर फिल्म मां विशाल फुरिया के निर्देशन में बनी है, जिसमें काजोल, रोनित रॉय और इंद्रनील सेनगुप्ता अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. मां की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी बेटी के साथ पति के पैतृक गांव पहुंचती है. वहां बेटी एक खतरनाक श्राप के प्रभाव में आ जाती है. बेटी को इस अंधेरे से निकालने के लिए मां को काली देवी जैसी शक्तियों का सहारा लेना पड़ता है.

Ghost Stories

नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल एंथोलॉजी घोस्ट स्टोरीज उन लोगों के लिए है जिन्हें शॉर्ट लेकिन तीखे हॉरर अनुभव पसंद हैं. इसमें चार अलग-अलग कहानियां दिखाई गई हैं, जिनका निर्देशन जोया अख्तर, अनुराग कश्यप, दिबाकर बनर्जी और करण जौहर ने किया है. हर कहानी डर को अलग नजरिए से पेश करती है, कभी अकेलेपन का डर, तो कभी अनजानी बेचैनी. जान्हवी कपूर, शोभिता धूलिपाला और मृणाल ठाकुर जैसे कलाकार इन कहानियों को और दमदार बनाते हैं.

Bulbbul

ब्रिटिश दौर के बंगाल में सेट फिल्म बुलबुल एक ऐसी लोककथा है, जो देखने में जितनी खूबसूरत है, उतनी ही डरावनी भी. अन्विता दत्त के निर्देशन में बनी यह फिल्म सिर्फ हॉरर तक सीमित नहीं रहती, बल्कि एक सशक्त सामाजिक और फेमिनिस्ट संदेश भी देती है. चुड़ैल की लोककथा से जुड़ी इस कहानी में तृप्ति डिमरी ने बुलबुल के किरदार को बेहद संवेदनशीलता और गहराई के साथ निभाया है. रहस्य, भय और महिला सशक्तिकरण का यह संगम फिल्म को यादगार बनाता है.

Baramulla

कश्मीर घाटी की बेचैन कर देने वाली पृष्ठभूमि पर बनी बारामुल्ला एक इंटेंस सुपरनैचुरल हॉरर-थ्रिलर है. कहानी DSP रिदवान सैयद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रहस्यमय हालात में लापता हो रहे बच्चों की जांच करता है. जैसे-जैसे वह केस की तह तक पहुंचता है, पुराने राज़ और पैरानॉर्मल शक्तियां सामने आने लगती हैं. मानव कौल और भाषा सुम्बली के दमदार अभिनय से सजी यह फिल्म 7 नवंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी.

यह भी पढ़ें: महीने भर चलता है 200 रुपये से भी सस्ता Jio का ये प्लान, मिलता है कॉलिंग-डेटा और SMS समेत इतना सब..

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :